कमालगंज। शृंगीरामपुर की रामलीला में मंगलवार रात रंगमंच (स्टेज) पर दशरथ प्रतिज्ञा लीला का मंचन किया गया। वहीं, बुधवार दोपहर रामलीला मैदान में मामा मारीच वध, जटायु मरण व राम-सुग्रीव मित्रता की लीला खेली गई। मित्रता होते ही वानर सेना में उल्लास छा गया।
श्री आदर्श रामलीला कमेटी शृंगीरामपुर की ओर से मंगलवार रात गांधी चबूतरा के पास स्टेज पर दशरथ प्रतिज्ञा लीला का रंगमंचीय मंचन हुआ। राम की भूमिका में राम दुबे व दशरथ की भूमिका में माझगांव के प्रसिद्ध कलाकार मुन्नू सिंह ने अपने शानदार अभिनय से श्रद्धालुओं को मुग्ध कर दिया। कृष्णा दुबे ने लक्ष्मण, आयुष पाठक ने सीता की भूमिका निभाई। नरेंद्र औदीच्य कैकेई बने। वहीं, बुधवार को रामलीला मैदान में राम सुग्रीव मित्रता में वानर सेना में वानर सेनानी बने बाल-गोपालों ने जमकर नृत्य किया। बच्चों ने भी लीला का आनंद उठाया। अध्यक्ष विनय मिश्रा, प्रबंधक राजा मिश्रा, लीला निर्देशक अजय कुमार द्विवेदी भी व्यवस्था में जुटे रहे। (संवाद)