कंपिल। प्राथमिक विद्यालय बहवलपुर मतदान केंद्र पर फर्जी मतदान को लेकर दोपहर तीन बजे दो प्रत्याशियों के एजेंटों में विवाद हो गया। मारपीट होने पर एजेंटों ने गांव मेें पहुंच कर घटना की जानकारी दी। इसको लेकर दोनों प्रत्याशी के समर्थक असलहे लेकर घरों की छतों पर फायरिंग करने लगे। ताबड़तोड़ फायरिंग होने से गांव में दहशत फैल गई। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस बल गांव पहुंचा। पुलिस को देख फायरिंग करने वाले फरार हो गए। पुलिस ने पोलिंग स्टेशन के बाहर जमा भीड़ को लाठी चलाकर खदेड़ दिया।
ग्राम पंचायत चांदपुर कक्ष में फर्जी मतदान को लेकर एजेंट शिव सिंह व अवनीश में विवाद हो गया। इस कारण मतदान केंद्र के पास भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने पोलिंग स्टेशन पर पहुंच कर भीड़ को खदेड़ दिया और एजेंट शिव सिंह व अवनीश को हिरासत में लिया है। प्रधान प्रत्याशी वृजेश जाटव को भी हिरासत में ले लिया। इसी ग्राम सभा के गांव सिकंदरपुर छितमा में फर्जी मतदान को लेकर हंगामा कर रहे ओमसिंह व राजेश को पुलिस ने हिरासत में लिया है। ग्राम पंचायत हकीकतपुर में विवाद होने पर पुलिस ने वहां पहुंच कर भीड़ को खदेड़ने के बाद धर्मपाल को हिरासत में लिया। ग्राम पंचायत होतेपुर में फर्जी मतदान होने पर हंगामा हो गया। इसकी जानकारी होने पर पुलिस मतदान केंद्र पर पहुंची। यहां जमा भीड़ को खदेड़ने के बाद पुलिस ने लेखराज को हिरासत में लिया।
ग्राम सभा कुवेरपुर खास में फर्जी मतदान होने पर हंगामा होने की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने उर्वेश को हिरासत में ले लिया। ग्राम सभा गंगपुरशाहपुर के गांव पथरामई में मतदान के बाद मतपेटिकाओं को पोलिंग स्टेशन से बाहर निकालने के दौरान तनाव की स्थिति बन गई। मतदान केंद्र के बाहर जमा भीड़ को पुलिस ने लाठी चटका कर खदेड़ दिया। ग्राम सभा चौखड़िया के गांव पुंथर में फर्जी मतदान को लेकर तनाव की स्थिति बनी रही।
नवाबगंज प्रतिनिधि के अनुसार गांव अचरिया बाकपुर में फर्जी मतदान को लेकर दो पक्ष आपस में लड़ने लगे। इसको लेकर मतदान केंद्र पर अफरातफरी मच गई। पुलिस ने झगड़ा करने वालों को खदेड़ दिया।