फर्रुखाबाद। शहर व कस्बों में पारदर्शी बिजली बिल के लिए स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। बड़ी संख्या में मीटर लगाए भी जा चुके हैं। शहर के 1600 ऐसे उपभोक्ता हैं, जिनका मीटर बदलने के दो-तीन माह बीतने के बाद भी बिल ही नहीं आया। जब वह विभाग जाते है तो एक ही जवाब मिलता है कि फीडिंग प्रक्रिया पूरी होने पर बिल आ जाएगा।
शहर में करीब 70 हजार से अधिक बिजली उपभोक्ता हैं। सभी के पुराने मीटर बदलकर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा नए कनेक्शन पर भी स्मार्ट मीटर ही लगाने के आदेश हैं। मीटर लगाने वाले कर्मचारियों की लापरवाही के चलते कुछ मीटरों की देरी से फीडिंग हो रही है। विभाग में फीडिंग के बाद पूरा डाटा आगरा व लखनऊ भेजा जाता है। वहां भी फीडिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद नया बिल बनता है।
शहर के अलावा नगरीय बिजली आपूर्ति वाले कायमगंज, मोहम्मदाबाद, नवाबगंज, शमसाबाद, कमालगंज आदि कस्बों में भी स्मार्ट मीटर लगाने का काम तेजी से चल रहा है। जिले में करीब 63 हजार स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इनमें शहर के 1600 व अन्य कस्बों सहित करीब दो हजार अधिक उपभोक्ताओं का मीटर बदलने बाद विभाग से बिल ही नहीं आया। हर माह बिल का बोझ बढ़ने से वह परेशान उपभोक्ता कई बार विभाग के चक्कर लगा रहे हैं। इससे जहां उपभोक्ताओं पर कई माह बिल इकट्ठा होने पर बोझ बढ़ रहा है, वहीं विभाग का राजस्व भी प्रभावित है।
वर्जन
स्मार्ट मीटर लगाकर उनकी फीडिंग की लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है। कुछ उपभोक्ताओं के मीटर के फीडिंग की प्रक्रिया पूरी न होने से बिल नहीं आया होगा। उसे ठीक कराया जाएगा। कोई समस्या होने पर उपभोक्ता सीधे हमसे या फिर अधिशासी अभियंता के पास शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उसका जल्द निस्तारण कराया जाएगा। -अजय कुमार, अधीक्षण अभियंता
-