फर्रुखाबाद। संदिग्ध हालात में महिला की मौत हो गई। परिवार के लोग शव को मोक्ष रथ से अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे थे। इसी बीच मृतका के परिजनों ने उसे रोक लिया और हत्या का आरोप लगा हंगामा करने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की तहरीर दी गई है।
जिला कन्नौज थाना गुरसहायगंज के गांव अनौखीखेड़ा निवासी निवासी योगेंद्र सिंह कुशवाहा ने अपनी बहन रेखा की शादी शहर कोतवाली के मोहल्ला रस्तोगी मोहल्ला नुक्कड़ निवासी विक्रम उर्फ कल्लू कुशवाहा के साथ 8 साल पहले की थी। शादी के बाद ससुरालीजनों ने दहेज की मांग कर दी।
मांग पूरी न होने पर ससुरालीजन रेखा को आए दिन प्रताड़ित करने लगे। रेखा ने इसकी जानकारी मायके वालों को दी। सूचना पर भाई योगेंद्र सिंह ने बहन की ससुराल आकर जैसे-तैसे ससुरालीजनों को समझा-बुझाकर मामले को शांत करा दिया। शुक्रवार की रात महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
मौत होने पर ससुराल वालों ने इसकी सूचना मायके वालों को नहीं दी। इसकी जानकारी रेखा की दूसरी बहन नीतू निवासी बिर्राबाग को हुई तो उसने मायके वालों को सूचना दी। इधर, ससुराल वाले शव का अंतिम संस्कार के लिए मोक्ष रथ से ले जाने वाले थे। उसी समय भाई योगेंद्र के अलावा परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंच गए।
परिजनों ने रथ को रोक लिया और हत्या का आरोप लगा कर हंगामा करने लगे। इस दौरान दोनों पक्षों में नोकझोंक हुई। हंगामा होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मायके वालों ने पुलिस से हत्या का आरोप लगाया। इस पर पुलिस ने शव कोे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पांच लाख की मांग पूरी न होेने पर रेखा की हत्या कर दी गई। घटना की तहरीर दी गई है।