फर्रुखाबाद। पिछले दो सालों से बेसिक शिक्षा विभाग जनपद में रिक्त चल रहे छह स्पेशल एजूकेटर्स (दिव्यांग बच्चों को पढ़ाने वाले विशेष शिक्षक) की भर्ती नहीं कर सका है। महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने नाराजगी जताते हुए जिला बेसिक शिक्षाधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया है।
प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया (पीएम श्री) योजना के तहत परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले दिव्यांग छात्रों को पढ़ाने के लिए स्पेशल एजूकेटर्स (विशेष शिक्षक) की तैनाती आउटसोर्सिंग से की जाती है। जनपद में स्पेशल एजूकेटर्स के 23 पदों के सापेक्ष 17 विशेष शिक्षकों की नियुक्ति है।
वर्ष 2022 में शासन ने रिक्त चल रहे छह विशेष शिक्षकों की नियुक्ति करने के आदेश दिए थे। पांच सितंबर तक विशेष शिक्षकों की भर्ती होनी थी। विभाग ने चयन प्रक्रिया शुरू भी की। दो बार आवेदकों के प्रपत्रों का सत्यापन भी हुआ, लेकिन नियुक्ति मानक के अनुसार आवेदन न आने से साक्षात्कार नहीं हो सके। बीते दिनों समीक्षा के दौरान महानिदेशक स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा को 62 जिलों में स्पेशल एजूकेटर्स भर्ती की स्थिति खराब मिली, जिसमें फर्रुखाबाद भी शामिल है। उन्होंने बीएसए से इस संबंध में नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा है।
स्पेशल एजूकेटर्स की नियुक्ति को लेकर दो बार आवेदन लिए गए, लेकिन पद के सापेक्ष आवेदक न होने से साक्षात्कार निरस्त करना पड़ा। जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू कर विशेष शिक्षकों की तैनाती का प्रयास किया जाएगा। जनपद के 1576 परिषदीय विद्यालयों में लगभग 2435 दिव्यांग व अति दिव्यांग बच्चे पंजीकृत हैं। - गौतम प्रसाद, बीएसए