आक्रोशित दुकानदारों ने इस घटना को लेकर मंझना कसबा में जाम लगा दिया।
- फोटो : अमर उजाला
परचून गोदाम का ताला तोड़कर चोर लाखों का सामान चोरी कर ले गए। सुबह इसकी जानकारी होने पर दुकानदारों में आक्रोश फैल गया। दुकानदारों ने मंझना कसबा में जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। डॉग स्क्वायड और फिंगर प्रिंट टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, लेकिन कोई हल नहीं निकल सका। करीब डेढ़ घंटे के बाद पुलिस के आश्वसन पर जाम खुल सका।
थाना नवाबगंज के गांव मंझना निवासी गणेश चतुर्वेदी की पूर्व विधायक बाबू राजेंद्र सिंह गंगवार के मार्केट में परचून की दुकान है। इसी मार्केट में उनकी गोदाम भी है। गोदाम के ऊपर ग्रामीण बैंक है। सोमवार की रात चोर दीवार फांदकर अंदर घुस गए। इसके बाद चोरों ने गोदाम के तालों को तोड़कर घी के डिब्बे, तिरपाल और परचून का लाखों का माल चोरी कर ले गए।
मंगलवार सुबह गणेश दुकान खोलकर अपनी गोदाम पर पहुंचे तो गोदाम का ताला टूटा देखकर इसकी जानकारी परिजनों को दी। देखते ही देखते वहां पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना मिलने पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य वीटू गंगवार भी आ गए। आक्रोशित दुकानदारों ने इस घटना को लेकर मंझना कसबा में जाम लगा दिया। साथ ही पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
दुकानदारों का कहना था कि आए दिन चोरी की घटनाएं हो रही ह,ैं लेकिन पुलिस उनका खुलासा नहीं कर पा रही है। घटना की सूचना मिलने पर एसओ शमसाबाद ललितेश त्रिपाठी, नवाबगंज एसओ नरेंद्र गौतम मौके पर पहुंचे। सूचना पर सीओ सिटी आलोक सिंह ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों को समझाने का प्रयास किया।
डॉग स्क्वायड और फिगरप्रिंट टीम ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की लेकिन कोई हल न निकलने पर टीम वापस लौट गई। पुलिस ने जल्द ही इस घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया। तब कही जाकर ग्रामीणों ने जाम खोला। गणेश चतुर्वेदी की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। गणेश चतुर्वेदी ने बताया कि उनके गोदाम से करीब डेढ़ लाख का सामान चोरी हुआ है।