लेंटर डालते समय हाईटेंशन लाइन के करंट से शनिवार को मजदूर की मौत होने के
बाद रविवार की सुबह परिजनों और गांव के लोगों ने रोड पर शव रख कर जाम लगा
दिया। इन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर पहुंचे आलाधिकारियों
ने गांव वालों को समझाया। तब कहीं दो घंटे बाद जाम खुला। कादरीगेट पांचाल
रोड जाम होने से लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ीं।
शहर कोतवाली के गांव
पुरानी अमेठी कोहना निवासी अनिल कुमार शनिवार को दीनदयाल बाग निवासी गुड्डू
मिश्रा के यहां लेंटर डाल रहे थे। इस दौरान सरिया हाईटेंशन लाइन के तार से
छू गई। इससे अनिल गंभीर रूप से झुलस गया था। इसे लोहिया अस्पताल में लाया
गया था जहां मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
रविवार की सुबह
मृतक के परिजनों ने कादरीगेट पांचाल घाट रोड पर गांव के
बाहर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर शहर कोतवाल आरपी यादव फोर्स के साथ
पहुंचे। कोतवाल ने आला अधिकारियों को सूचना दी। इस पर सीओ सिटी वाईपी सिंह,
एसडीएम सदर सुनील वर्मा, फतेहगढ़ कोतवाल अनूप तिवारी, मऊदरवाजा एसओ सुनील
यादव के साथ ही सभी चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे।
अफसरों के सामने ही गांव
के लोगों की शहर कोतवाल से नोकझोंक हो गई। परिजनों का कहना था कि वह
कोतवाली में चार बार मकान मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने जा चुके हैं
लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। नोकझोंक होने पर अफसरों ने
समझा कर मामले
को शांत किया। सीओ सिटी ने गांव वालों को समझाया कि वह लोग पोस्टमार्टम
रिपोर्ट लगा कर एसडीएम सदर को प्रार्थना पत्र दें। लेखपाल को भेज कर जांच
कराने के बाद कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही जो मदद होगी की जाएगी। अफसरों
के भरोसा देने के दो घंटे बाद गांव के लोगों ने जाम खोल दिया।