बेकाबू स्कार्पियो के रोड किनारे खड़े बिजली के पोल से टकराने से हाईटेंशन तार टूट कर बाइक पर जा गिरा। बाइक में आग लगने से उस पर सवार भाई-बहन समेत दो बच्चियां झुलस गईं। सभी को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। मगर उपचार के दौरान भाई की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
जिला हरदोई थाना पाली के गांव लौकाह निवासी राजेश राजपूत गुरुवार की सुबह बहन नायत्री पत्नी गोविंद निवासी चुरसई थाना जहानगंज को ससुराल छोड़ने के लिए बाइक से जा रहे थे। नायत्री के साथ उसकी दो बेटियां आरुषि (4) और पायल (8 माह) भी थीं।
जब यह लोग कादरीगेट ओपी लान के पास से गुजर रहे थे। इसी बीच एक बेकाबू स्कार्पियो बिजली के पोल से जा टकराई। इससे हाईटेंशन तार टूट कर राजेश की बाइक पर जा गिरा। तार गिरने से निकली चिंगारी से बाइक मेें आग लग गई। देखते ही देखते बाइक धू-धू कर जलने लगी।
घटना के बाद स्कार्पियो चालक मौके से वाहन लेकर भाग निकला। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और साहस का परिचय देते हुए डंडे से तार को हटाया। इस दौरान राजेश राजपूत, उसकी बहन नायत्री, आरुषि और पायल झुलस गए। लोगाें ने झुलसे लोगों को टेंपो से लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाल देवेंद्र शर्मा फोर्स के साथ पहुंच गए। उन्होंने सूचना घायलों के परिजनों को दी।
आनन-फानन में परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। उपचार के दौरान राजेश राजपूत ने दम तोड़ दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। तब तक मृतक की पत्नी राधा भी आ गई। शव को देख वह अचेत हो गई। अस्पताल कर्मचारियों ने मेमो भेजकर इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी।