फर्रुखाबाद। स्थानीय प्राधिकारी एमएलसी चुनावी मैदान में छह प्रत्याशियों में से तीन निर्दलीय ने गुरुवार को नामांकन पत्र वापस ले लिया है। अब भाजपा, सपा समेत एक निर्दलीय प्रत्याशी के बीच लड़ाई होगी। तीन प्रत्याशी होने से सपा प्रत्याशी के निर्दलीय होने का सपना टूट गया है।
स्थानीय प्राधिकारी एमएलसी चुनाव के लिए भाजपा, सपा, बसपा समेत चार निर्दलीय प्रत्याशियों ने नामांकन कराया था। बसपा प्रत्याशी के दो प्रस्तावकों ने पर्चे में अपने हस्ताक्षरों को फर्जी बता दिया था। बसपा प्रत्याशी का पर्चा खारिज होने से वह मैदान से हट गए थे।
गुरुवार को नाम वापसी के दिन कन्नौज जिले के मोहल्ला पकरिया टोला निवासी निर्दलीय प्रत्याशी उदय प्रताप सिंह, गांव रामपुर पोस्ट लाख निवासी निर्दलीय प्रत्याशी उदय राजपूत और छिबरामऊ के मोहल्ला इंद्रा नगर निवासी मनोज कुमार पर्चा वापस लेकर चुनावी मैदान से हट गए।
भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार, निर्दलीय प्रत्याशी रामनिवास के चुनावी मैदान से न हटने के कारण सपा प्रत्याशी पुष्पराज जैन का निर्विराध होने का सपना टूट गया। इस पद के लिए चुनाव होना तय है।