कर्नलगंज चौकी के सामने होती मारपीट।
- फोटो : कर्नलगंज चौकी के सामने होती मारपीट।
फर्रुखाबाद। रविवार देर रात कर्नलगंज चौकी के पास एक युवक ने दूसरे को पीट दिया। इस दौरान मौके पर खड़ा होमगार्ड मूकदर्शक बना रहा।पीड़ित युवक जब छूटकर भाग गया तो होमगार्ड ने चौकी में ताला डाल दिया। घटना का वीडियो वायरल होने पर कर्नलगंज चौकी इंचार्ज ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई।
रविवार देर रात एक वीडियो वायरल हुआ। जिसमें कर्नलगंज चौकी के पास दो युवक आपस में झगड़ रहे हैं। एक युवक दूसरे युवक को डंडे से पीट रहा है तो पास में ही खड़ा होमगार्ड देख रहा है। युवक जब चंगुल से छूटकर भागता है तो होमगार्ड कर्नलगंज चौकी में ताल डाल देता है। घटना रात करीब 11:10 बजे की बताई जा रही है। यह भी बताया जा रहा है कि कर्नलगंज चौकी में रात में पुलिस नहीं रहती है।
अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। इस संबंध में पूछे जाने पर कर्नलगंज चौकी इंचार्ज बलवीर सिंह ने बताया कि घटना के समय वे गश्त पर थे। चौकी के पास ही शराब का ठेका है। आए दिन शराबी आपस में भिड़ते रहते हैं। वायरल वीडियो की जानकारी हुई है। मारपीट करने वाले युवकों के खिलाफ फतेहगढ़ कोतवाली में एनसीआर दर्ज की है।
कोतवाली प्रभारी फतेहगढ़ सत्य प्रकाश ने बताया कि बाबा दीनदयाल की तहरीर पर सोनू, चीकू व एक अज्ञात के खिलाफ एनसीआर दर्ज की गई है।