मोहम्मदाबाद। गाली-गलौज का विरोध करने से गुस्साए आरोपी ने बीते दिनों युवक की कार से कुचलकर हत्या कर दी थी। बीती रात पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हत्यारोपी को कार समेत गिरफ्तार कर लिया। कार सीज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मुड़गांव निवासी नवदीप (28) 24 अप्रैल को दोस्तों के साथ गांव के बाहर बैठा था। गांव के ही शैलेंद्र सिंह उर्फ सल्लू ने आकर नवदीप को गालीगलौज किया। विरोध करने पर शैलेंद्र सिंह ने नवदीप को दो-तीन बार कार से कुचला, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। पिता बजरंग सिंह ने गांव के ही शैलेंद्र सिंह उर्फ सल्लू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस उसकी खोजबीन में लगी थी।
26 अप्रैल की रात करीब 11 बजे पुलिस को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे मोहम्मदाबाद हवाई पट्टी के पास से गिरफ्तार किया। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ल ने बताया कि आरोपी शैलेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। कार सीज की गई है।