शहर कोतवाली को सैनिटाइज करता पुलिस कर्मी।
- फोटो : FARRUKHABAD
शहर कोतवाली के दस पुलिसकर्मी होम क्वारंटीन
फर्रुखाबाद। शहर कोतवाली के दोनों चालकों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उनके साथ रह रहे दस पुलिसकर्मियों के सैंपल रविवार को लिए गए। सभी को होम क्वारंटीन कर दिया गया है। दमकल की टीम ने कोतवाली को अंदर व बाहर से सैनिटाइज किया है।
दीवान की 23 जून को पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद सील हुई शहर कोतवाली में शनिवार शाम को ही काम शुरू हुआ था। दो चालकों की रिपोर्ट न आने से कोतवाल ने उनको घरों में ही रहने की हिदायत दी थी। पास में दस पुलिसकर्मी भी रह रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम को बुलाकर रविवार को उनके नमूने लिए गए। सभी को होम क्वारंटीन कर दिया गया है।
दमकल की टीम ने कोतवाली को अंदर व बाहर से कई घंटे तक सैनिटाइज किया। कोतवाली में खड़े वाहन व मेस से लेकर कार्यालय को भी सैनिटाइज किया गया। मुख्य गेट के पास ही कोविड हेल्प डेस्क बनाई गई है। उस पर पुलिसकर्मी की तैनाती कर दी गई है।
कोतवाली में आने वाले सभी लोगों के हाथ धुलवाकर उनके पूरे शरीर को सैनिटाइज करने के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। कोतवाल वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि चालकों के साथ रहने वाले दस पुलिसकर्मियों को होम क्वारंटीन कर दिया गया है। हालांकि कोरोना के भय से फरियादी नहीं आ रहे हैं।
दुकान बंद करवाकर गली को कर दिया सील
शहर कोतवाली के पीछे वाली गली में ही पॉजिटिव चालक व सब्जी विक्रेता रहते हैं। इसको लेकर पुलिस ने रविवार को गली में दुकान खोले बैठे दुकानदार की फटकार लगाई और दुकान बंद करवा दी है। गली को बल्ली लगाकर सील कर दिया गया है। होमगार्ड की तैनाती कर दी गई है।