पुलिस की सख्ती से निर्धारित रूट पर ही चले टेंपो
फर्रुखाबाद। शहर के लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए शनिवार को पुलिस ने और सख्ती कर दी। इससे टेंपो निर्धारित रूट पर ही चल सके। नियम का पालन न करने वाले 11 टेंपो पुलिस लाइन में खड़े करा दिए गए। कमालगंज-फतेहगढ़ मार्ग के टेंपो के लिए रूट नंबर तीन निर्धारित किया गया है। चालकों को टेंपो के शीशे पर रूट नंबर व बॉडी पर किराये की सूची लिखवाने के निर्देेश दिए गए हैं।
शहर में जाम न लगे इसके लिए कमालगंज-फतेहगढ़ मार्ग के टेंपों के लिए जिला जेल क्रासिंग से जय नारायण वर्मा रोड होते हुए रोडवेज वर्कशॉप तक का रूट गुरुवार को तय किया गया था। शुक्रवार को निर्धारित रूट पर न चलने पर टीएसआई देवेश कुमार ने 20 टेंपो सीज कर दिए थे। इसके विरोध में टेंपो चालकों ने तीन घंटे तक हंगामा कर विरोध जताया था। शनिवार सुुबह टेंपो निर्धारित रूट की जगह कचहरी की ओर जाने लगे।
इस पर टीएसआई ने 11 टेंपो पकड़ लिए और सवारियों को उतरवाकर पुलिस लाइन में खड़े करवा दिए। शाम को टेंपो चालकों को निर्धारित रूट के बारे में जानकारी देने के बाद छोड़ दिया गया। टीएसआई शनिवार को दोपहर में जिला जेल चौराहे पर मुस्तैद रहे। इस दौरान कामलगंज से जाने व आने वाले टेंपो चालकों को रोककर आगे के शीशे पर रूट नंबर लिखवाने के निर्देश दिए।
इसके साथ टेंपो की बॉडी पर तय स्थानों के नाम लिखकर किराया सूची लिखवाने के लिए कहा। ताकि सवारियों को किराये को लेकर नोकझोंक न करनी पड़े। उन्होंने टेंपो चालकों को चेतावनी भी दी कि रूट नंबर व किराया सूची चस्पा न करने पर चालान कर समन शुल्क वसूला जाएगा।
यह चार रूट किए गए हैैं निर्धारित
रूट नंबर एक : कादरीगेट-अमृतपुर मार्ग पर चलने वाले टेंपो।
रूट नंबर दो : नवाबगंज व कायमगंज मार्ग पर चलने वाले टेंपो।
रूट नंबर तीन : कमालगंज-फतेहगढ़ मार्ग पर चलने वाले टेंपो।
रूट नंबर चार : फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ मार्ग पर चलने वाले टेंपो।
सभी रूटों पर एक साथ काम करने के लिए पर्याप्त स्टाफ नहीं है। इसलिए सबसे पहले रूट नंबर तीन पर चलने वाले टेंपो पर सख्ती की जा रही है। दो से तीन दिन के अंदर इस मार्ग के सभी टेंपो निर्धारित रूट पर चलने लगेंगे। इसके बाद दूसरे रूट पर व्यवस्था स्थापित की जाएगी।-देवेश कुमार, यातायात प्रभारी