कमालगंज। कस्बे के तपस्वी बाग मंदिर के सामने रेलवे ट्रैक पर आत्महत्या करने के इरादे से पहुंची किशोरी ट्रेन की चपेट में आने से घायल हो गई। पहिये के नीचे आने से किशोरी का हाथ कट गया।
हादसे के बाद लोको पायलट ने ट्रेन रोक दी। यात्री ने गोद में उठाकर किशोरी को सीएचसी पहुंचाया। हालत में सुधार न होने पर उसे लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इस दौरान 15 मिनट खड़ी रहने के बाद ट्रेन रवाना की गई।
कानपुर से कासगंज की ओर जा रही एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 15037 सोमवार दोपहर करीब दो बजे कस्बे के रेलवे स्टेशन से फतेहगढ़ के लिए रवाना हुई। कुछ ही दूरी पर ट्रेन तपस्वी बाग के सामने पहुंची तो वहां खड़ी जहानगंज थाना के अहमदपुर देवरिया क्षेत्र की निवासी 14 वर्षीय किशोरी रेलवे ट्रैक पर कूद गई।
वहीं, किशोरी को ट्रैक पर आता देख लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी, तब तक किशोरी ट्रेन के पहिये के नीचे आ गई, इससे उसका हाथ कट गया और सिर पर भी गंभीर चोट आ गई।
हादसे की जानकारी पर यात्री ट्रेन से उतरे और किशोरी को गोद में उठाकर सामने स्थित सीएचसी ले गए। वहां डॉ. विकास पटेल ने किशोरी का उपचार शुरू किया। इस दौरान करीब 15 मिनट खड़े रहने के बाद ट्रेन अगले स्टेशन के लिए रवाना की गई। हादसे की जानकारी पर किशोरी की बहन अस्पताल पहुंची।
उधर, हालत में सुधार न होने पर किशोरी को लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
लड़के के साथ खड़ी थी किशोरी, ट्रेन आने पर कूदी : लोको पायलट
लोको पायलट ने बताया कि किशोरी एक युवक के साथ खड़ी थी। ट्रेन के पास आने पर वह आगे कूद गई। घटना के बाद साथ वाला लड़का भाग गया। अस्पताल पहुंची बहन ने बताया कि सुबह उसकी छोटी बहन क्षेत्र के गदनपुर देवराजपुर क्षेत्र में मौसी के घर आई थी। वह घटनास्थल पर कैसे पहुंची, इसकी जानकारी नहीं है।
पॉलिथीन में कटा हाथ लेकर अस्पताल पहुंचा यात्री
ट्रेन के पास आने पर जैसे ही किशोरी रेलवे ट्रैक पर पहुंची और घायल हुई। इसके बाद ट्रेन में सवार यात्री किशोरी को अस्पताल ले गए। उन्हीं में से एक यात्री पॉलिथीन में किशोरी का कटा हुआ हाथ लेकर अस्पताल पहुंचा। चिकित्सक ने घायल किशोरी के साथ ही कटे हाथ को भी लोहिया अस्पताल के लिए भेज दिया।
फोटो- 22 कमालगंज में घटनास्थल पर खड़ी ट्रेन व मौजूद यात्री।स्रोत:जागरूक पाठक