कमालगंज। कानपुर-फतेहगढ़ राज्य मार्ग पर स्थित खुदागंज में बरात चढ़ाने आए ढोल वादक किशोरों को देर रात कार ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायलों को साथियों ने सीएचसी पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने एक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत गंभीर होने पर लोहिया अस्पताल के लिए भेज दिया। जानकारी पर पहुंचे परिजन शव देख बिलखने लगे।
कादरीगेट थाना क्षेत्र के गांव खानपुर मड़ैया निवासी गौतम (15) पुत्र संजू नट व रजित (15) पुत्र राजीव नट जसमई स्थित एक बैंड में ढोल बजाने का काम करते थे। बुधवार को क्षेत्र के गांव खुदागंज स्थित एक गेस्ट हाउस में बरात चढ़ाने के लिए रात करीब दस बजे बैंड पिकअप गाड़ी से पहुंचा। गांव के चौराहे पर गाड़ी से बैंड उतारने के बाद धक्का लगाकर आगे धकेला जा रहा था। गौतम व रजित बैंड के काफी पीछे चल रहे थे।
इसी दौरान फतेहगढ़ की ओर से जा रही कार ने पैदल चल रहे दोनों किशोरों को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक कार लेकर फरार हो गया। जानकारी पर पहुंचे साथी सुमित व गोलू ने एंबुलेंस की सहायता से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां चिकित्सक विकास पटेल ने गौतम को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल रजित की हालत गंभीर होने पर उसे लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी होने पर मां मंजू देवी, दादी गुड्डी परिजन के साथ अस्पताल पहुंचीं और शव देख बिलखने लगीं। सूचना पर कस्बा प्रभारी संदीप कुमार गौतम पुलिस बल के साथ पहुंचे और परिजन से पूछताछ की। परिजन ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया और शव घर ले गए। गौतम के दो भाई अतुल व बॉबी है। प्रभारी निरीक्षक अवध नारायण पांडेय ने बताया कि परिजन ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। दूसरे घायल का उपचार चल रहा है। (संवाद)
40 मिनट देरी से पहुंची एंबुलेंस, नाराजगी
कार की टक्कर से गौतम व रजित के घायल होने पर साथी गोलू ने पहुंच कर उन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस सहायता के लिए कॉल किया था। गोलू ने आरोप लगाया कि सूचना देने के करीब 40 मिनट तक एंबुलेंस घटनास्थल तक नहीं पहुंची। अगर जल्दी घायल गौतम को अस्पताल पहुंचाया जाता तो शायद उसकी जान बच जाती। एंबुलेंस की लापरवाही से लोगों में नाराजगी है। (संवाद)