अमृतपुर। बारात में गए ग्रामीण की सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। इस मामले में ग्रामीण के पुत्र ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
थाना राजेपुर क्षेत्र के निवासी सुरेंद्र लोहार (55) अमृतपुर स्थित एक गेस्ट हाउस में आई बरात में शामिल होने गए थे। बदायूं मार्ग स्थित गेस्ट हाउस के सामने सड़क पार करते समय मिर्जापुर की ओर से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। रिश्तेदार एंबुलेंस से सीएचसी राजेपुर लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुत्र अमित की तहरीर पर अज्ञात वाहन व चालक के खिलाफ थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पत्नी श्रीदेवी, पुत्री रजनी, नेहा, बवली, पुत्र बबलू व अमित रो-रोकर बेहाल हो गए।