थाना क्षेत्र के गांव रोशनाबाद में सोमवार शाम भागवत कथा सुनने के दौरान हुए विवाद में किशोर ने दोस्त के सिर में ईंट मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद वह मौके से भाग गया। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
समाचार लिखे जाने तक घटना की तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस पंचनामा भरने की कार्रवाई में लगी थी।गांव रोशनाबाद में भागवत कथा चल रही है। शाम करीब 6:30 बजे गांव के ही लालाराम बाल्मीकि का पुत्र गगन (14) और उसका दोस्त (15)कथा सुनने गए थे।
कथा सुनने के दौरान किसी बात पर किशोर और गगन के बीच झगड़ा हो गया। इस पर दोनों में मारपीट होने लगी। इस दौरान किशोर ने गगन के सिर में ईंट मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वह मौके से भाग गया।
सूचना मिलने पर गगन के परिजन मौके पर आ गए। शव देख परिजन रोने-बिलखने लगे।सूचना मिलने पर थाना पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आसपास लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि दोनों के बीच पंडाल के पीछे मारपीट हुई, जिस वजह से घटना पता नहीं चल सकी।
लालाराम ने बताया कि उसके तीन पुत्र इतबारी, पवन और गगन थे। गगन दूसरे नंबर का पुत्र था। पत्नी की आठ साल पहले मौत हो चुकी है। मेहनत मजदूरी कर गुजर-बसर करता है। एसओ मोहित यादव ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।