शिक्षकों ने धरना देकर रखीं मांगें
फर्रुखाबाद। माध्यमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर शिक्षकों ने डीआईओएस कार्यालय के बाहर साढ़े तीन घंटे तक धरना प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित 15 सूूत्री ज्ञापन डीआईओएस को दिया।
संगठन के जिलाध्यक्ष लालाराम दुबे की अगुवाई में शिक्षक बुधवार को डीआईओएस कार्यालय के बाहर एकत्र हुए। उन्होंने धरना प्रदर्शन कर सरकार व डीआईओएस कार्यालय के कर्मचारियों के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीआईओएस डॉ. आदर्श कुमार त्रिपाठी को सौंपा।
इसमें मांग की कि पुरानी पेंशन को लागू किया जाए। इसके अलावा सभी शिक्षकों को नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा, वित्तविहीन कालेजों में कार्यरत शिक्षकों को समान कार्य समान वेतन और शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया सरल करने की मांग की।
ये भी कहा कि कॉलेजों में कार्यरत कंप्यूटर व व्यावसायिक शिक्षकों को समान वेतन मिले। शिक्षकों के विनियमितीकरण व महिला शिक्षकों के अनुमन्य अवकाश सुनिश्चित किए जाएं। वर्ष 2014 से बंद सामूहिक बीमे को फिर से शुरू किया जाए।
प्रोन्नत वेतनमान में स्नातकोत्तर की उपाधि की बाध्यता को समाप्त करने के साथ शिक्षकों पर एस्मा लगाने का प्रावधान खत्म हो। इसके अलावा एनएकेपी की शिक्षिका निहारिका के प्रपत्रों की सत्यापन रिपोर्ट आने के बाद भी कार्रवाई रुकी हुई है।
कार्यालय के कर्मचारी वेतन लागू कराने के लिए रिश्वत की मांग कर रहे हैं। इस दौरान मंत्री नरेंद्र पाल सोलंकी, अनिल कुमार सिंह, उपाध्यक्ष संतोष कुमार दुबे, सत्येंद्र सिंह, रजनीश, सुधाकर चतुर्वेदी, प्रशांत मिश्रा, भगवान शरण पांडेय आदि शिक्षक मौजूद रहे।