संवाद न्यूूज एजेंसी
अमृतपुर। कोरोना संक्रमित के संपर्क में आए शिक्षक को बुखार आने की जानकारी पर बीआरसी राजेपुर में सोमवार को शिक्षकों में हड़कंप मच गया। खंड शिक्षा अधिकारी ने बुखार पीड़ित शिक्षक व उनके साथी को वहां से तत्काल कोरोना जांच कराने के लिए भेज दिया।
राजेपुर विकास खंड के गांव अलापुर द्वितीय व चपरा प्राथमिक विद्यालय में कन्नौज के दो शिक्षक तैनात हैं। वह कन्नौज से एक साथ कार से आते हैं। इन दिनों उनकी ड्यूटी बच्चों के आधार कार्ड बनवाने के लिए ब्लाक रिसोर्स सेंटर (बीआरसी) राजेपुर में लगी है। सुबह वह दोनों शिक्षक ड्यूटी पर पहुंचे और कार्यालय खोलकर बैठे। कुछ ही देर में मानव संपदा की फीडिंग कराने को बीआरसी पर करीब 50 से अधिक शिक्षक पहुंचकर काम करने लगे। इसी बीच पहुंचे खंड शिक्षा अधिकारी को कन्नौज के दोनों शिक्षकों ने बताया कि वह लोग जिस दुकानदार से परचून का सामान लेते थे, वह दो दिन पहले कोरोना संक्रमित निकला है। वह लोग उसके संपर्क में आए हैं। वह दो-चार दिन क्वारंटीन रहना चाहते हैं। इनमें एक शिक्षक को बुखार भी था। इसकी जानकारी मिलते ही बीआरसी में मौजूद अन्य शिक्षकों में खलबली मच गई।
आधार कार्ड बनवाने आए बच्चों को बाहर निकाला गया। खंड शिक्षा अधिकारी ने दोनों शिक्षकों को कोरोना जांच कराने की कहकर वहां से तत्काल भेज दिया। खंड शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र जौहर ने बताया कि कोरोना संक्रमित मरीज के संपर्क में आने और एक शिक्षक को बुखार आने की वजह से उन्हें जांच के लिए भेज दिया गया है।