उत्तर प्रदेश कर्मचारी शिक्षक समन्वयक समिति के प्रांतीय आह्वान पर दो
सितंबर को शिक्षक और कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। वह विद्यालय जाएंगे, लेकिन
शिक्षण और विभागीय कार्य नहीं करेंगे। इसको लेकर सोमवार को शिक्षक संगठनों
की संयुक्त बैठक हुई। इसमें आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया गया है।
रस्तोगी
इंटर कालेज में प्राइमरी व माध्यमिक शिक्षक संगठनों की सोमवार को संयुक्त
बैठक शर्मा गुट के जिलाध्यक्ष लालाराम दुबे की अध्यक्षता में हुई। इसमें
कहा गया कि प्रदेश के कर्मचारियों, शिक्षकों पर छठे केंद्रीय आयोग की
संस्तुति को पूर्ण रूप से लागू नहीं किया गया है। जबकि सातवें वेतन आयोग की
रिपोर्ट प्रतीक्षारत है। अगर विसंगतियां बनी रहीं तो सातवें वेतन
आयोग में
कर्मचारियों व शिक्षकों को भारी नुकसान हो सकता है। केंद्र सरकार नई पेंशन
व्यवस्था समाप्त कर पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू नहीं कर रही है। सरकारी
आंकड़ों में महंगाई दर घट रही है, जबकि वास्तविक महंगाई बढ़ रही है। इससे
जीवन निर्वाह कठिन हो गया है। केंद्र सरकार देशी एवं विदेशी उद्योगपतियों
से सांठगांठ करके सरकारी संस्थाओं को समाप्त करने का
प्रयास कर रही है
जिसका संगठन विरोध करता है। इसके लिए नेता शिक्षक दल एमएलसी ओम प्रकाश
शर्मा ने पत्र भेजा है।
इस बैठक में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक
संघ के जिलाध्यक्ष भूपेश प्रकाश पाठक, जिला मंत्री नरेंद्र पाल सिंह
राजपूत, उत्तर
प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह,
जिला मंत्री शमशाद अहमद व उत्तर प्रदेश स्वायत्त शासन कर्मचारी महासंघ के
कार्यकारिणी सदस्य धर्मेंद्र तिवारी, शमशादी अहमद, ओमवीर सिंह, राकेश यादव,
कुलदीप यादव मौजूद रहे।