फतेहगढ़ कोतवाली में शिक्षिका की पिटाई करने के कारण आई चोट दिखाता बच्चा।
- फोटो : अमर उजाला
खेलते समय धक्का लगने से गुस्साई शिक्षिका ने छात्र को डंडे से पीट दिया। जानकारी पर स्कूल पहुंचे परिजनों से शिक्षिका ने अभद्रता कर दी। छात्र की मां की तहरीर पर पुलिस शिक्षिका को पकड़कर कोतवाली ले आई। शिक्षिका पुलिस को चकमा देकर कोतवाली से खिसक गई।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जाफरी निवासी प्रमोद कुमार का पुत्र रोहन प्राथमिक विद्यालय फतेहगढ़ में कक्षा तीन का छात्र है। इंटरवल में खेलने के दौरान रोहन के धक्के से शिक्षिका दीप्ती मिश्रा दरवाजे से टकरा गईं। शिक्षिका दीप्ती मिश्रा का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने छात्र के सिर के बाल पकड़े और डंडे से पिटाई करनी शुरू कर दी, जिससे उसकी पीठ पर नीले निशान पड़ गए।
सिर में डंडा लगने से गुमड़ी पड़ गई। वह रोता हुआ घर गया और परिजनों को घटना की जानकारी दी। छात्र को लेकर मां उमा देवी मोहल्ले के सभासद लल्ला के साथ स्कूल शिकायत करने पहुंची। उलाहना देते ही शिक्षिका ने छात्र के मां को भी खरीखोटी सुनानी शुरू कर दीं।
विवाद बढ़ता देख वहां मौजूद शिक्षकों ने बीचबचाव कर मामला शांत कराया। छात्र को लेकर उसकी मां उमा देवी कोतवाली पहुंची और शिक्षिका दीप्ती मिश्रा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। कोतवाल के निर्देश पर पुलिसकर्मी स्कूल गए और शिक्षिका को कोतवाली लेकर आए। पूछताछ के दौरान शिक्षिका की दरोगा से नोकझोंक हो गई
। इस कारण शिक्षिका को कोतवाली में बैठा दिया गया। कुछ देर बाद शिक्षिका पुलिस को चकमा देकर कोतवाली से फरार हो गई। कोतवाल रजनीश चौहान ने कहा कि दोनो पक्षों में समझौते का प्रयास चल रहा है। फिर भी छात्र के साथ हुई मारपीट की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। दरोगा इंद्रपाल ने बताया कि पूछताछ के लिए कोतवाली लाए थे। लेकिन वह बिना बताए चुपचाप चली गई है।