फर्जी अभिलेखों के संदेह में शिक्षिका का वेतन रोका
फर्रुखाबाद। फर्जी अभिलेख से नौकरी करने की आशंका पर बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय बीबीगंज नगर क्षेत्र की अध्यापिका का वेतन रोक दिया है। नगर शिक्षा अधिकारी को शिक्षिका के शैक्षिक अभिलेखों की जांच कर तीन दिन में रिपोर्ट देने का आदेश दिया है।
मैनपुरी के विकास खंड जागीर के प्राथमिक विद्यालय कैलई में अनीता कुमारी प्रधानाध्यापक हैं। उन्होंने मैनपुरी बीएसए को प्रार्थना पत्र दिया कि उसके नाम के पैन नंबर का इस्तेमाल कर फर्रुखाबाद में नगर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बीबीगंज में तैनात शिक्षिका अनीता कुमारी वेतन प्राप्त कर रही हैं।
इसकी मैनपुरी से रिपोर्ट आने के बाद बीएसए लालजी यादव ने शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय बीबीगंज में तैनात शिक्षिका अनीता कुमारी को शैक्षिक अभिलेखों के साथ कार्यालय बुलाया था। वह शाम को नगर शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचीं और अभिलेख दिखाए। सूत्र बताते हैं कि उनके हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के अंकपत्र मैनपुरी में तैनात शिक्षिका अनीता कुमारी के समान हैं।
जांच की जानकारी मिलने पर शिक्षिका अनीता कुमारी नगर शिक्षा अधिकारी कार्यालय से बहाना बनाकर चली गईं। इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। फर्जी अभिलेख से नौकरी करने का मामला सामने आने पर बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय बीबीगंज की शिक्षिका अनीता कुमारी का वेतन रोक दिया है।
नगर शिक्षा अधिकारी को तीन दिन में शिक्षिका के शैक्षिक अभिलेखों की जांच कर रिपोर्ट देने का आदेश दिया है। बीएसए लालजी यादव ने बताया कि नगर शिक्षा अधिकारी को जांच दी है। वित्त एवं लेखाधिकारी पैन नंबर की भी जांच कर रहे हैं।
वेतन खाते से निकाले 8 लाख 75 हजार रुपये
फर्रुखाबाद। प्राथमिक विद्यालय बीबीगंज नगर क्षेत्र में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात अनीता कुमारी ने वर्ष 2009 में नौकरी पाई थी। उसने वेतन खाते में पड़े 8 लाख 81 हजार रुपये में से 8 लाख 75 हजार रुपये 15 जून को निकाल लिए। अब उसके खाते में मात्र छह हजार रुपये रह गए हैं। अब उसने अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर लिया है। इससे मामला और संदिग्ध होता जा रहा है।