बंद पड़ा प्राथमिक विद्यालय भावन।
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद। लखनऊ में आयोजित धरने में भाग लेने के लिए टीचरों के जाने की वजह से प्राइमरी स्कूलों में परीक्षाओं पर असर पड़ा। परीक्षा के बाद भी कई स्कूलों में तो ताले लटकते रहे। जिन स्कूलों में परीक्षा नहीं हुई वहां पर फिर से कराई जाएगी। डीबीएसए ने भी हड़ताल से निपटने के लिए कोई कदम नहीं उठाए थे।
प्राथमिक शिक्षक संघ का बुधवार को लखनऊ में धरना था। इस पर जिलाध्यक्ष भूपेश पाठक ने बीएसए से बुधवार को होने वाली परीक्षा की तिथि बदलवाने की मांग की थी। बीईओ बेगीश गोयल ने बुधवार को परिषदीय परीक्षा का जायजा लिया तो उन्हें 9.35 बजे कन्या प्राथमिक विद्यालय चांदपुर बंद मिला। प्राथमिक विद्यालय नगला दीना में 40 में 13 बच्चे ही मौजूद मिले।
कन्या प्राथमिक विद्यालय नगला दीना में 50 में मात्र 12 बच्चे ही मौजूद थे। इसी प्रांगण में संचालित शांति जूनियर स्कूल में 65 में 53 बच्चे परीक्षा दे रहे थे। कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय भोलेपुर में 73 में 63 बच्चे परीक्षा देते मिले। प्राथमिक विद्यालय भोलेपुर में प्रधानाध्यापिका मीना सेंगर बिना किसी सूचना के मेडिकल पर थीं। बीईओ ने मीना सेंगर से स्पष्टीकरण तलब किया है।
शमसाबाद प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक विद्यालय मुबारिकपुर में 9.50 बजे पेपर शुरू नहीं हुआ था। यहां 124 में 50 बच्चे ही परीक्षा देने आए थे। प्रधानाध्यापिका रजनी राजपूत ने बताया कि वे बच्चों का इंतजार कर रही हैं। इसी प्रकार प्राथमिक विद्यालय सुतहड़ी में 79 में 61 बच्चे ही मौजूद थे। यहां भी 9.40 तक पेपर शुरू नहीं हुआ था। प्रधानाध्यापिका शिखा गंगवार ने बताया कि बच्चों का इंतजार कर रही हैं।
नवाबगंज प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक विद्यालय नवाबगंज, प्राथमिक विद्यालय रायपुर तथा प्राथमिक विद्यालय ककिऊली बंद रहे। अमृतपुर प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक विद्यालय खाकिन 11 बजे व प्राथमिक विद्यालय भावन 11. 30 बजे बंद था। प्राथमिक विद्यालय भावन में बच्चे बरामदे में खड़े परीक्षा का इंतजार करते रहे। स्कूल नहीं खुला था।