फर्रुखाबाद। अनामिका शुक्ला प्रकरण के मास्टर माइंड समेत बर्खास्त 28 शिक्षकों को वेतन का धन जमा करने को नोटिस जारी किया गया है। ये धनराशि 15 दिन में चालान के माध्यम से कोषागार में जमा कर विभाग को अवगत कराना होगा। ऐसा न करने पर भू राजस्व की भांति चल-अचल संपत्ति से धन की वसूली की जाएगी।
मास्टर माइंड शिक्षक सुशील कुमार कौशल उर्फ पुष्पेंद्र समेत चार शिक्षक फर्जी अभिलेख और 24 शिक्षक डा. भीमराव आंबेडकर विवि की फर्जी बीएड डिग्री से नौकरी करने में बर्खास्त किए गए थे। इनके खिलाफ संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। बीईओ ने प्रत्येक शिक्षक ने द्वारा लिए गए वेतन का विवरण तैयार कर वित्त एवं लेखाधिकारी को दिया था। वित्त एवं लेखाधिकारी अजीत कुमार की रिपोर्ट पर बीएसए लालजी यादव ने बर्खास्त शिक्षकों से वेतन वसूली के आदेश जारी कर दिए हैं।
उन्होंने सभी को उनके पते पर नोटिस भेजे हैं। इसमें फर्जी तरीके से नौकरी प्राप्त कर अभी तक लिए गए वेतन की रकम को 15 दिन के अंदर चालान के माध्यम से कोषागार में विभागीय खाते में जमा करने को कहा गया है। ऐसा न करने पर भू राजस्व की तरह चल-अचल संपत्ति से धनराशि की वसूली की जाएगी। बीएसए ने बताया कि बर्खास्त शिक्षकों से वेतन वसूली को नोटिस जारी कर दिया गया है।