फर्रुखाबाद। पति की मौत के बाद तनाव में चल रही शिक्षिका ने सोमवार शाम को खुद को आग लगा ली। लखनऊ अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
शहर के मोहल्ला बढ़पुर स्थित टीचर्स लाइन निवासी निशी प्रसाद (59) मोहम्मदाबाद के बाबूराम इंटर कालेज में शिक्षिका थीं। अगस्त 2017 को उनके पति की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद से वह तनाव में रहती थीं। सोमवार शाम को कमरा बंद कर खुद को आग लगा ली।
कमरे से धुआं निकलने पर पुत्र निखिल प्रसाद ने दरवाजा तोड़ा, तब तक निशी गंभीर रूप से झुलस गईं थीं। परिजनों के साथ बेटा उन्हें लोहिया अस्पताल ले गया, जहां से डॉक्टर ने रेफर कर दिया गया। परिजन निशी को लखनऊ ले जा रहे थे, रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजन देर रात शव लेकर लोहिया अस्पताल ले आए।
मंगलवार सुबह आवास विकास चौकी प्रभारी विशेष कुमार ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। निखिल ने बताया कि पिता सुनील की मौत के बाद मां को नौकरी मिली थी। पिता की मौत के बाद से वह तनाव में रहती थीं।
घायल युवक की मौत
फर्रुखाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया पुरुष अस्पताल के गेट पर सोमवार शाम को एक युवक घायल पड़ा मिला था। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। देर रात उसकी मौत हो गई। शव को शवगृह में रखवा दिया गया है। चौकी प्रभारी विशेष कुमार ने बताया कि करीब 35 वर्षीय युवक इधर उधर घूमता रहता था। शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। (संवाद)
फोटो- 11
बस में यात्री से जहरखुरानी
फर्रुखाबाद। आगरा से आई बस के परिचालक ने सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक युवक को बेहोशी की हालत में रोडवेज बस स्टैंड पर उतार दिया। पीआरडी जवान अरविंद कुमार ने उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। युवक के पास मिले कागजों में कुंदन कुमार (22) निवासी गांव मुरली थाना चौबेपुर जिला कानपुर नगर लिखा है। युवक के पास मिले बैग में कपड़े रखे हैं। उसके पास रुपये और मोबाइल नहीं मिला है। युवक से बस में जहरखुरानी की आशंका जताई जा रही है। (संवाद)
ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार घायल
फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद थाने के गांव बड़ेली निवासी निर्बल (30) शहर के मोहल्ला बीबीगंज में रिश्तेदारी में आया था। मंगलवार दोपहर में लौटते समय रायपुर चौकी के पास ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। घायल निर्बल को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। (संवाद)