फर्रुखाबाद। डॉ. राममनोहर लोहिया पुरुष अस्पताल में चार मरीजों में स्वाइन फ्लू की आशंका जताई गई है। इनके नमूने रिवर्स ट्रांसक्रिप्शन पॉलीमरेज़ चेन रिएक्शन (आरटीपीसीआर) जांच के लिए कन्नौज के तिर्वा मेडिकल कॉलेज भेजे गए हैं। अस्पताल में बुखार, खांसी और गले में दर्द के बढ़ते मरीजों से सभी वार्डों में बेड भर गए हैं।
शनिवार रात से ही मरीजों को बर्न यूनिट के वार्ड में भर्ती करना पड़ा। शाहजहांपुर के बलवीर, अल्हागंज की मालती और लकूला की कांति देवी व शिवम के नमूने रविवार दोपहर में लिए गए। यह कदम पड़ोसी जिलों में स्वाइन फ्लू के मरीज मिलने के बाद शासन के निर्देशों पर उठाया गया है। सीएमएस जगमोहन शर्मा ने मरीजों को बुखार आने पर तुरंत सरकारी अस्पताल में इलाज कराने की सलाह दी। सीएमएस ने यह भी बताया कि जांच रिपोर्ट तीन-चार दिन में आएगी। हर संदिग्ध मरीज के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे। यह व्यवस्था ओपीडी में भी लागू होगी।
अस्पताल में बेड की कमी
अस्पताल में बुखार, खांसी, गले में दर्द, जुकाम और सांस लेने में दिक्कत के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। शनिवार शाम तक इमरजेंसी से लेकर प्रथम तल तक सभी वार्डों में बेड भर गए। इसके बाद मरीजों को बर्न यूनिट के वार्ड में भर्ती करना पड़ा।
सीएमएस जगमोहन शर्मा के अनुसार, सात दिन तक तेज बुखार, सांस फूलना और खांसी स्वाइन फ्लू के मुख्य लक्षण हैं। चार संदिग्ध मरीजों के नमूने आरटीपीसीआर जांच के लिए कन्नौज मेडिकल कॉलेज भेजे गए हैं।