swacch bharat mission toilet not made in farrukhabad
फर्रुखाबाद स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र में तीन महीने पहले रुपये भेजने के बावजूद शौचालयों का निर्माण नहीं कराया गया। 31 मई तक निर्माण पूरा कर शौचालयों की फोटो अपलोड करने के निर्देश दिए गए थे। लापरवाही के चलते अभी 40 प्रतिशत शौचालय लटके हैं। इस मामले में 43 सचिवों को नोटिस देकर एक हफ्ते में काम पूरा करने को कहा।
सभी सात ब्लाकों की ग्राम पंचायतों में 18,248 शौचालय निर्माण के लिए फरवरी में धनराशि भेजी गई थी। लॉकडाउन के दौरान काम बंद होने से निर्माण की तिथि 31 मई की थी। इस बीच पंचायतीराज निदेेशक ने भी निरीक्षण कर काम पूरा कराने की हिदायत दी थी।
तीन महीने पूरे होने के बाद भी ग्राम पंचायतों में सचिवों की लापरवाही के चलते आठ हजार से अधिक शौचालय अपूर्ण हैं। इस पर जिला पंचायत राज अधिकारी अमित कुमार त्यागी ने समीक्षा के दौरान नाराजगी जताई। साथ ही 43 सचिवों को नोटिस जारी कर समय से काम पूरा न होने पर सचिवों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।