कंपिल (फर्रुखाबाद)। नगर में शनिवार देर रात आसमान में ड्रोन उड़ते देखे गए। लोगों का कहना है कि जब उन्होंने ड्रोन की फोटो लेने की कोशिश की तो वह उड़ गए। इसके बाद लोगों ने जागकर रात काटी। सुबह लोग तरह तरह की चर्चाएं करते नजर आए।
नगर के मोहल्ला काजी टोला, आंबेडकर नगर, मांझ गांव पूर्व में शनिवार रात लगभग 12 बजे बाहर व छत पर लेटे लोगों ने छह से अधिक ड्रोन उड़ते देखे। कुछ लोगों ने वीडियो व फोटो भी लिए। हालांकि, दूर उड़ रहे ड्रोन के फोटो साफ नहीं आ सके। लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी वायरल किया।
शनिवार सुबह मोहल्ले में लोगों का जमावड़ा लगा रहा। कुछ लोग पुलिस की ओर से उड़ाए गए ड्रोन व कुछ लोग चोरों द्वारा ड्रोन उड़ाने की चर्चा करते रहे। एसओ विश्वनाथ आर्या ने बताया किसी ने सूचना नहीं दी है। फिर भी जांच की जाएगी।
जहानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम जरारी भडौसा में भी शनिवार रात ड्रोन देखे गए। प्रधान प्रतिनिधि मुजम्मिल ने बताया कि रात करीब 12:10 बजे छह-सात ड्रोन उड़ते दिखाई दिए। सूचना पर थानाध्यक्ष जितेंद्र पटेल मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष ने बताया कि इसकी सूचना उच्च अधिकारियों को दी है। संवाद