फर्रुखाबाद। निलंबित लिपिक सुधीर पांडेय बिना किसी को सूचना दिए गायब हो गया है। उसने पटल का चार्ज भी नहीं सौंपा है। इस पर प्रभारी प्रधान लिपिक ने रिपोर्ट बनाकर एसपी व एएसपी को भेजी है। एएसपी ने तीन दिन में चार्ज देने का नोटिस लिपिक के घर भेजने के आदेश दिए हैं।
इसके बाद भी लिपिक ने चार्ज नहीं दिया तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। पटल की अलमारी के ताले कमेटी गठित कर वीडियोग्राफी के साथ तुड़वाए जाएंगे।
कार्य में लापरवाही पर एसपी डॉ. अनिल मिश्रा ने बुधवार रात लिपिक सुधीर पांडेय को निलंबित कर पुलिस लाइन में संबद्ध कर दिया था।
गुरुवार को वह बिना किसी को सूचना दिए गायब हो गया। शुक्रवार को आईजी कार्यालय का निरीक्षण करने वाले थे लेकिन लिपिक सुधीर ने पटल का चार्ज किसी को नहीं दिया। अलमारियों की चाबी भी लेकर चला गया। इस पर प्रभारी प्रधान लिपिक कौशल किशोर भदौरिया ने इसकी रिपोर्ट तैयार करके एसपी व एएसपी को भेज दी।
एएसपी त्रिभुवन सिंह ने लिपिक को तीन दिन के अंदर चार्ज देने का नोटिस भेजने के आदेश दिए। इसके बाद भी लिपिक चार्ज देने के लिए नहीं आएगा तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। एएसपी त्रिभुवन सिंह ने बताया कि नोटिस भेजने के आदेश दिए गए हैं। मुकदमा दर्ज करने के बाद पटल की अलमारी के ताले कमेटी गठित कर वीडियोग्राफी के साथ तुड़वा दिए जाएंगे।