फोटो-12 स्टेडियम में चल रहे मैच में शॉट मारता बल्लेबाज। संवाद
फर्रुखाबाद। स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में चल रहे एफसीएल टूर्नामेंट में सुपर किंग फर्रुखाबाद ने कायमगंज इलेवन को चार विकेट से हराया। एनान हुसैन को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
सोमवार को अंडर-16 आयु वर्ग में सुपर किंग व कायमगंज इलेवन के बीच मैच खेला गया। कायमगंज इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। टीम का यह निर्णय गलत साबित हुआ। ओपनिंग करने आए प्रतीक दो रन व कामिल आठ रन दो ओवर में देकर पवेलियन लौट गए। आदित्य शाक्य व मोहम्मद तैश ने सर्वाधिक 16-16 रन बनाए। कायमगंज इलेवन की पूरी टीम 76 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इसमें 24 रन अतिरिक्त के भी शामिल हैं। टीम के चार बल्लेबाज शून्य बनाकर आउट हुए। सिर्फ दो बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए।
सुपर किंग के गेंदबाज एनान व अर्श ने तीन-तीन व फैजल ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुपर किंग के सलामी बल्लेबाज साहिल व एनान चार रनों पर ही बोल्ड हो गए। इसके बाद अश्वनी दीक्षित व कार्तिकेय ने संभलकर खेलना शुरू किया और स्कोर को धीरे-धीरे आगे बढ़ाया। अश्वनी दीक्षित ने छठवें ओवर में तीन चौके लगाकर टीम का स्कोर 31 रन कर दिया। सुपर किंग ने छह विकेट खोकर लक्ष्य की प्राप्ति कर ली।
मैन ऑफ द मैच की ट्रॉफी एनान को दी गई। अंपायरिंग रफीकुल अंसारी, धीरेंद्र कुमार ने की। स्कोरर सुहानी राठौर रहीं। इस अवसर पर जिला क्रीड़ाधिकारी कर्मवीर सिंह यादव, डॉ. अमित सक्सेना व अहमद मियां आदि मौजूद रहे।