कायमगंज। गन्ने की फसल को बीमारी से होने वाले नुकसान को लेकर मिल प्रबंधन काफी सतर्कता बरत रहा है। इसके लिए चीनी मिल के अधिकारी अपनी निगरानी में फसल की बुआई करा रहे हैं। शनिवार को गांव बिहारीपुर में चीनी मिल के अधिकारियों ने खेत में बसंतकालीन गन्ने की बोआई कराते हुए किसानों को तमाम सुझाव दिए।
चीनी मिल के मुख्य गन्ना अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि 0238 प्रजाति के गन्ने की फसल में रेडरॉट की बीमारी से काफी नुकसान होता है। मिल व किसानों को नुकसान से बचाने के लिए चीनी मिल के अधिकारी अपनी निगरानी में गन्ने की बुआई करवा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि असिंचित क्षेत्र में किसान ट्रेंच विधि से गन्ने की बुआई करें। इस समय पोटॉश का प्रयोग करने से गन्ने की पैदावार में वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि पोटाश युक्त उर्वरक पर चीनी मिल सब्सिडी देती है। किसान इसका लाभ लें।
कहा कि 0118 अगैती प्रजाति के गन्ने की बुआई जलभराव वाले स्थान पर बिल्कुल न करें। ऐसे स्थान पर 98014 व 94184 प्रजाति के गन्ने की बुआई करना लाभदायक होगा। उन्होंने गांव बिहारीपुर में गन्ना किसान मुनीम के खेत में स्वयं की देखरेख में बुआई कराई। सीडीआई शिवपाल सिंह व शमशेर आदि मौजूद रहे।