मिल में बोर्ड की बैठक में शामिल उपाध्यक्ष जय गंगवार व अन्य।
- फोटो : मिल में बोर्ड की बैठक में शामिल उपाध्यक्ष जय गंगवार व अन्य।
कायमगंज। एक सप्ताह पूर्व चीनी बोर्ड ने शीरा टैंक व सड़क निर्माण के प्रस्ताव को खारिज कर दिया था। मिल प्रशासन ने बोर्ड को आय व्यय का ब्यौरा व कर्मचारियों की सूची उपलब्ध कराई। बोर्ड ने 3.55 करोड़ के प्रस्ताव पर मोहर लगा दी।
सोमवार को चीनी मिल सभागार में उपाध्यक्ष जय गंगवार की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक हुई। बैठक में जीएम शादाब असलम ने एजेंडा पढ़कर सुनाया। उन्होंने कहा मिल में एक ही शीरा टैंक होने के कारण शीरा स्टोरेज की समस्या है। बारिश के दौरान मिल यार्ड में कीचड़ हो जाने से गन्ना लदे वाहन फंस जाते हैं। बैठक में शीरा टैंक व केन यार्ड की पांच सड़कें बनाए जाने के लिए प्रस्ताव बोर्ड के समक्ष रखा।
विगत 22 फरवरी की बैठक में भी यही प्रस्ताव रखे गए थे। तब बोर्ड ने यह कहते हुए असहमति जताई थी कि उन्हें अभी तक पिछली बैठक में मांगे गए बिंदुओं पर मिल प्रशासन ने कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है। इसके बाद प्रस्ताव ठुकरा दिया गया था। अब की बार बैठक में मिल प्रशासन ने सभी मिल कर्मचारियों की सूची व आय व्यय का ब्यौरा बोर्ड को उपलब्ध करा दिया। इस पर बोर्ड के सभी सदस्यों ने खुशी से शीरा टैंक व सड़क निर्माण के प्रस्ताव पर मोहर लगा दी।
शासन से नामित संचालक अमरदीप दीक्षित ने कहा कि निर्माण एजेंसी के कार्य समाप्त करने के बाद बोर्ड उसे देखकर पास करेगा। इस पर मिल प्रशासन ने कहा कि ऐसा कोई प्रावधान तो नहीं है, फिर भी बोर्ड को निर्माण में कुछ गलत मिलता है तो बाद में उसकी शिकायत कर जांच करा सकते हैं। सीसीओ प्रमोद कुमार, लेखाकार मेवालाल, संचालक अच्च्युत तिवारी, रोहित, शीलेश कुमार, ओमकार सिंह, श्रीकृष्ण, सुदामा देवी, सुमनलता रहे।