फोटो- 9 भारतीय महाविद्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता में बनाए गए चित्र दिखाते विद्यार्थी। संवाद
फर्रुखाबाद। भारतीय महाविद्यालय फर्रुखाबाद में विकसित भारत एवं डिजिटल इंडिया विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं ने कैनवॉस पर चित्र बनाकर सुंदर रंग भरे। प्रतियोगिता में सिद्धार्थ वर्मा को प्रथम स्थान मिला।
सोमवार को आयोजित प्रतियोगिता में किसी ने आत्मनिर्भर भारत, महिला सशक्तीकरण तो किसी ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, सड़क सुरक्षा और डिजिटल प्रगति से संबंधित चित्र बनाए। इसके बाद उसमें रंग भरे। प्रतियोगिता में बीए प्रथम सेमेस्टर के सिद्धार्थ वर्मा प्रथम, बीए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा रजनी यादव द्वितीय रहीं। बीए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा आयुषी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
निर्णायक मंडल में धनंजय कुशवाह, आलोक शुक्ल व प्रेमशंकर पांडेय मौजूद रहे। प्राचार्य रमन प्रकाश ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं होती रहनी चाहिए। इससे छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ता है। इस मौके पर विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। शिक्षक संदीप कुमार द्विवेदी ने कहा कि प्रतियोगिताओं में शामिल होने से ही विद्यार्थियों की प्रतिभा निकलकर सामने आती है। इस अवसर पर निधीश कुमार सिंह, प्राची गोस्वामी व विजय कुमार आदि मौजूद रहे।