कायमगंज के विद्या मंदिर महाविद्यालय की एनएसएस इकाई
के स्वयंसेवकों ने चौथे दिन मुडौल गांव में ग्रामीणों से बीमारी से बचने
के लिए सफाई का ध्यान रखने की अपील की। डॉ. कल्पना भारती ने महिलाओं को
सफाई के लिए प्रेरित किया। बीमारी से बचने के उपाय सुझाए।
छात्रों
ने ग्रामीणों को घरों, गलियों, शौचालयों और शरीर की सफाई से बीमारी से बचने
के गुर बताए। डॉ. कल्पना भारती ने महिलाओं को बच्चों को कुपोषण से बचाने
और गंदगी से बचने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि सफाई कई बीमारियों से
मनुष्य की रक्षा करती है।
रामदर्शनी इंटर कालेज भटासा के
प्रधानाचार्य दिगेंद्र गंगवार ने छात्रों को अनुशासन में रहने का पाठ
पढ़ाया। समाजसेवी भगवान शरण पांडेय ने छात्रों को अपने जीवन के संस्मरण
सुना कर लक्ष्य निर्धारित करने की सलाह दी। कार्यक्रम का संचालन प्रिया
गुप्ता ने किया।
शिखा द्विवेदी ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इस
दौरान आयोजित स्लोगन, पोस्टर, निबंध तथा रंगोली प्रतियोगिताओं में
छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिताएं स्वच्छता, स्वास्थ्य,
मतदान और नारी सशक्तीकरण विषयों पर आधारित थीं। इस दौरान विद्यालय के
प्राचार्य डा. वीके गुप्ता, विनायक तिवारी, मनोज वर्मा, डा. श्याम मिश्रा,
कुलदीप आर्य, रवेंद्र शाक्य, कन्हैया सक्सेना मौजूद रहे।