सड़क हादसे में छात्र की मौत, दोस्त की हालत नाजुक
कायमगंज। गांव पपड़ी के पास रविवार को हुए सड़क हादसे में नगर के मोहल्ला चिलांका निवासी बीकॉम प्रथम वर्ष के छात्र की मौत हो गई। उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
नगर के मोहल्ला चिलांका निवासी जीशान (24) पुत्र यासीन व मोहल्ला काजम खां निवासी अमन भारद्वाज (20) पुत्र नरेश चंद्र रविवार शाम अपने नवाबगंज निवासी दोस्त से मिलने गया था। देर रात दोनों बाइक से घर आ रहे थे। अमन बाइक चला रहा था। फर्रुखाबाद रोड पर गांव पपड़ी के पास उनकी बाइक ट्रैक्टर से टकरा गई।
इसके बाद अनियंत्रित होकर एक कार से टकराई। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से दोनों को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें लोहिया से निजी अस्पताल ले गए। वहां इलाज के दौरान जीशान की मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर चले आए।
सोमवार सुबह पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जीशान के पिता यासीन ने बताया कि उनकी चूड़ी की छोटी दुकान है। जीशान बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र था। खाली टाइम में फर्नीचर बनाने का काम कर लेता था। जीशान का एक छोटा भाई फैजान(21) व दो बहनें हैं।
एक बहन की शादी हो चुकी है। अचानक हुई मौत से परिवार काफी दुखी था। उधर जीशान के दोस्त अमन का फर्रुखाबाद के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। इंस्पेक्टर डॉ. विनय राय ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।