कायमगंज। इंटर की परीक्षा देकर घर लौट रहे छात्रों की बाइक गांव रुटौल के पास हादसे का शिकार हो गई। टक्कर में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव मुरैठी निवासी प्रियांशु (20) पुत्र रामकुमार अपने दोस्तों सूरज (18) पुत्र राजीव शाक्य निवासी मोहल्ला बाग शमसाबाद और सचिन यादव (20) पुत्र अमर सिंह निवासी मोहल्ला टीला शमसाबाद के साथ रशीदाबाद तिवारियान स्थित जनता इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर लौट रहे थे।
बताते हैं कि रुटौल के पास सामने से आ रही बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी कायमगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने प्रियांशु को मृत घोषित कर दिया। सूरज और सचिन की हालत नाजुक होने पर उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। प्रियांशु चार बहनों में इकलौता भाई था। बेटे की मौत से मां सुनीता देवी व अन्य परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। चौकी प्रभारी सोमवीर सिंह ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।