छात्रा से छेड़छाड़, प्रधानाध्यापक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
राजेपुर (फर्रुखाबाद)। प्रधानाध्यापक ने स्कूल में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ कर दी। पिता की तहरीर पर प्रधानाध्यापक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुुरू कर दी है। कुछ छात्राएं प्रधानाध्यापक से पाठ्यक्रम संबंधी संबंधी जानकारी लेने स्कूल गईं थीं।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण की चौदह वर्षीय पुत्री तुरकहाटा बिलालपुुर प्राइमरी स्कूल में कक्षा आठ में पढ़ती है। सोमवार को छात्रा अपनी कुछ सहेलियों के साथ प्रधानाध्यापक दीपक कुमार से पाठ्यक्रम के बारे में जानकारी करने गईं थी। प्रधानाध्यापक ने छात्रा को वजन मापक मशीन लाने के लिए कहा और उसकी सहेलियों को मोबाइल देकर दूसरे कमरे में पढ़ने के लिए भेज दिया।
छात्रा मशीन लेकर लौटी तो उसको दोबारा कमरे से मार्कशीट लाने को भेज दिया। छात्रा का आरोप है कि तभी पीछे से आए प्रधानाचार्य दीपक कुमार ने उसे दबोच लिया और छेड़छाड़ करने लगे। शोर मचाने पर सहेलियां आ गईं। इसी दौरान प्रधानाचार्य स्कूल से भाग निकले। छात्रा ने घर जाकर परिजनों को जानकारी दी।
मंगलवार को पिता की तहरीर पर पुलिस ने प्रधानाध्यापक दीपक के खिलाफ नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ जयंती प्रसाद गंगवार ने बताया कि प्रधानाध्यापक दीपक से उनके मोबाइल नंबर पर कई बार बात करने की कोशिश की। लेकिन उन्होंने फोन रिसीव ही नहीं किया। प्रधानाध्यापक बुलाने पर भी नहीं आए। मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।