अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक छात्र की मौत हो गई जबकि चार
लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर मृतक के
पिता ने अज्ञात ट्रक चालक पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कमालगंज थाना
क्षेत्र के गांव महरूपुर राबी निवासी विश्राम सिंह का पुत्र कन्हैया (11)
शनिवार को दोस्तों के साथ नवमी के अवसर पर दीपकेसरी मंदिर में प्रसाद लेने
जा रहा था। दीपकेसरी मंदिर के पास जब सड़क पार कर रहा था, तभी कानपुर से
फर्रुखाबाद जा रहे ट्रक ने कन्हैया को कुचल दिया। इससे कन्हैया
की घटनास्थल
पर ही मौत हो गई। दुर्घटना होते देख ग्रामीणों ने दौड़कर ट्रक चालक को
पकड़ लिया। ग्रामीणों ने ट्रक चालक को घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस
को सौंप दिया। बेटे का शव देख मां रूपवती का रो-रोकर बुरा हाल था। इस
दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने जाम लगाने का प्रयास किया तो पुलिस
ने
समझा-बुझाकर जाम नहीं लगने दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम को
भेज दिया। थानाध्यक्ष यतेंद्र यादव ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया
गया है। विश्राम की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर
ली गई है।
उधर, जिला कासगंज थाना पटियाली के रेलवे स्टेशन रोड निवासी
राजू पुत्र मिजाजीलाल पटियाली से बाजार कर बाइक से वापस घर लौट रहा था।
रास्ते में सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। इस हादसे में
राजू घायल हो गया। उसे आनन फानन में लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कायमगंज
प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के गांव लालपुर पट्टी निवासी अजय कुमार पुत्र
होरी लाल बाइक से हरकरनपुर जा रहा था। रास्ते में उसे अज्ञात वाहन ने
टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर घायल हो गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया।
शमसाबाद
प्रतिनिधि के अनुसार नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर दामोदर निवासी
संदीप कुमार बाइक से फर्रुखाबाद जा रहे थे। उनके साथ गांव के ही रवींद्र
कुमार भी थे। गंगलऊ परमनगर पुलिया के पास बोलेरो से बाइक टकरा गई। इसमें
संदीप कुमार और रवींद्र कुमार घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने 108
एंबुलेंस से घायलों को लोहिया अस्पताल भिजवाया।