ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से छात्र की मौत
मोहम्मदाबाद। बरेली-इटावा हाईवे पर रविवार रात अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से खिमसेपुर गांव के छात्र की मौत हो गई। सुबह सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराया है।
गांव खिमसेपुर निवासी रनवीर शाक्य का पुत्र विकास शाक्य (16) गांव के डॉ. शिवनंदन सिंह इंटर कालेज में कक्षा नौ में पढ़ता था। रविवार को विकास गांव के शिवम पुत्र नानू वर्मा के साथ ट्रैक्टर ट्रॉली से आलू बेचने सातनपुर मंडी में गया था। रात में दोनों गांव लौट रहे थे। ट्रैक्टर शिवम चला रहा था। इटावा बरेली हाईवे पर गांव निसाई के पास अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई।
ट्राली पर बैठा विकास दबने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचीं मां मुनीशा देवी, भाई आकाश, गोविंद, बहन रानी ने बताया कि सुबह पांच बजे हादसे की जानकारी मिली। कोतवाल राकेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।