बोर्ड परीक्षा के बाद घर लौटते समय नेकपुर खुर्द के पास बाइकों की भिड़ंत में दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि पांच घायल हो गए। हेलमेट न पहने होने से सिर में गहरी चोट दोनों की मौत का सबब बनी।
घटना से गुस्साए गांव वालों ने जाम लगाकर स्कूली बस और दो बाइकों में तोड़फोड़ की। पुलिस ने लाठियां फटकारीं तो भीड़ ने पथराव कर दिया। लाठियां लगने से दो छात्राएं जख्मी हो गईं।
मृतकों में शामिल सुनील राना (17) पुत्र अलवर शहर कोतवाली के ठंडी सड़क का रहने वाला था। शनिवार को वह हाईस्कूल की परीक्षा देकर दोस्त की बाइक से लौट रहा था। 12 बजे के करीब नेकपुर खुर्द के पास पीछे से दूसरे छात्रों ने ओवरटेक का प्रयास किया।
इसी चक्कर में उनकी बाइकें आपस में टकरा गईं। हादसे में सनील राना, बाग कूंचा निवासी हर्षू (17) पुत्र जितेंद्र दीक्षित उर्फ गुड्डू, बजरिया हरलाल निवासी सत्यम (15) पुत्र दिलीप कुमार, तलैया साहबजादगान निवासी अनस (17) पुत्र इस्लामुद्दीन घायल हो गए।
इनकी बाइकों की टक्कर लगने से पैदल लौट रहे छात्र अभिनंदन (5), शिवमंगल (7) पुत्र छत्रपाल, कल्पना (10) पुत्री अजयपाल निवासी नेकपुर खुर्द थाना मऊदरवाजा रोड के किनारे खड़ी अमनतारा स्कूल की बस में जा टकराए और ये तीनों भी घायल हो गए।
लोहिया अस्पताल में डॉ. अजय कुमार ने सुनील राना और अभिनंदन को मृत घोषित कर दिया। अभिनंदन की मौत से गुस्साए गांववालों ने नेकपुर खुर्द के पास फर्रुखाबाद-कायमगंज रोड पर जाम लगा दिया।
पुलिस के सामने ही स्कूली बस और रोड पर पड़ी दो बाइकों को पथराव कर दिया। एएसपी अशोक कुमार ने समझाने की कोशिश की। न मानने पर पुलिस ने लाठियां फटकार भीड़ को खदेड़ा। इस पर पुलिस पर पथराव कर दिया गया
। इसी बीच भाजपा नेता सुंधाशु दत्त द्विवेदी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और मुआवजे का आश्वासन देकर जैसे तैसे मामले को शांत किया। अभिनंदन के पिता छत्रपाल शाक्य ने अमनतारा स्कूल के प्रबंधक डॉ. वीना कटियार और उनके पति डॉ. जितेंद्र कटियार के साथ ही बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोप है कि कई बार स्कूल प्रबंधक से बस को रोड किनारे न खड़ा करने की बात कही गई थी, लेकिन बस को नहीं हटाया गया।