थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही नाबालिग छात्रा को दुष्कर्म के इरादे से युवक ने पकड़ लिया। वह छात्रा को खेतों की ओर खींचकर ले जाने लगा। छात्रा की चीख पुकार पर दौड़े ग्रामीण युवक को पकड़ कर पीटने लगे। इस दौरान युवक गांव वालों के चंगुल से निकल कर भाग गया। छात्रा के बाबा ने फैजबाग चौकी में तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी कक्षा छह में पढ़ती है। छात्रा के बाबा के मुताबिक सोमवार को पौत्री साइकिल से स्कूल पढ़ने गई थी। दोपहर करीब 1 बजे वह स्कूल से घर लौट रही थी। फैजबाग-कुइंयासंत गांव के बीच बरमदेव मंदिर के पास कुइंयासंत निवासी सदर पुत्र खालिद ने उसे रोक लिया। सदर छात्रा को जबरन पकड़कर खेतों की ओर खींचने लगा।
शोरशराबा पर खेतों में काम कर रहे अद्दूपुर के ग्रामीण सदर को पकड़कर पीटने लगे। मौका पाकर सदर इनके चंगुल से छूटकर भाग गया। सूचना पर छात्रा के बाबा व अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने फैजबाग चौकी में तहरीर दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज किए बिना परिजनों को टरका दिया। बाबा ने बताया कि दुष्कर्म के प्रयास की तहरीर फैजबाग चौकी में दी है। उधर, फैजबाग चौकी इंचार्ज इंद्रपाल सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर घटनास्थल पर गए थे। मामले की जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।