नगर पालिका में स्ट्रीट फार्म भरने को लगी भीड़।
- फोटो : FARRUKHABAD
वेबसाइट बंद होने पर स्ट्रीट वेंडरों ने काटा हंगामा
फर्रुखाबाद। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने के लिए नगर पालिका परिषद में घंटों लाइन लगाए स्ट्रीट वेंडरों ने वेबसाइट बंद होने पर गुरुवार को हंगामा शुरू कर दिया। थोड़ी ही देर बाद वेबसाइट चालू होने पर हंगामा शांत हो गया। दिन भर में आठ लैपटॉप पर सिर्फ 54 वेंडरों के फार्म ऑनलाइन हो सके। अब तक 586 लोगों के ऑनलाइन आवेदन हो पाए हैं।
केंद्र सरकार स्ट्रीट वेंडरों को दस-दस हजार रुपये लोन देने और शहर में व्यवस्थित खड़ा करने की योजना बना रही है। इसी के तहत ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किए जा रहे हैं। पालिका को 8297 स्ट्रीट वेंडरों के रजिस्ट्रेशन का लक्ष्य दिया गया है। रजिस्ट्रेशन धीमी गति से चल रहा है। बड़ी संख्या में वेंडर पालिका पहुंच रहे हैं।
गुरुवार सुबह साढ़े नौ बजे ही लोगों का हुजूम पहुंच गया। काफी इंतजार के बाद नंबर आने से लोग भूख-प्यास से परेशान थे। दोपहर में भीड़ बढ़ी तो वेबसाइट बंद हो गई। घंटों से लाइन में लगे लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। आधा घंटे बाद वेबसाइट शुरू हुई, तो लोग शांत हुए।
हंगामे के दौरान पालिका कर्मियों की बात लोग सुनने को तैयार ही नहीं हुए। कार्यदायी संस्था ने आठ लैपटॉप रजिस्ट्रेशन के लिए लगाए हैं। 8297 के सापेक्ष मात्र 586 आवेदन ही ऑनलाइन हो सके हैं। प्रभारी ईओ वीरेंद्र पटेल ने बताया कि पंजीकरण में गति आए, इसके लिए कार्यदायी संस्था को हिदायत दे दी है। अब पंजीकरण में तेजी आएगी।