कमालगंज। थाना क्षेत्र के छीताकपुरापुर निवासी बाबूराम (70) रविवार सुबह 5:30 बजे गांव की कटरी में स्थित मंदिर में पूजा करने गए। रास्ते में आवारा कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया। अकेले होने के कारण वह बचाव करते रहे, लेकिन कुत्तों ने उनके चेहरे पर हमला कर नाक नोच कर लहूलुहान कर दी। किसी तरह उन्होंने खुद को बचाया।
उधर गांव का ही प्रमोद कुमार (27) 5:45 बजे गंगा की कटरी में स्थित खेत पर जा रहा था। रास्ते में कुत्तों ने अकेला पाकर उस पर भी हमला कर दिया। उसने डंडा चला कर खुद को बचाया, लेकिन कुत्तों ने उसे पांच जगह काट कर घायल कर दिया। बाबूराम व प्रमोद घायल अवस्था में निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां डॉ. विकास पटेल व फार्मासिस्ट पवन कुमार ने घायलों में उपचार किया।
हालत में सुधार न होने पर दोनों को लोहिया अस्पताल के लिए भेज दिया। घायल प्रमोद ने बताया कि गांव में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। कटरी में अकेले जाने वालों के लिए यह कुत्ते जानलेवा साबित हो सकते हैं।