खाना बनाते समय चूल्हे से निकली चिंगारी तेज हवा में छप्पर पर गिरने से आग
लग गई। हवा से बढ़ी आग में दस झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। इनमें रखा घरेलू
सामान, रुपये व जेवर भी जल गए। आग पर काबू करने पहुंची दमकल की मशीन
चलते-चलते दगा दे गई। ग्रामीणों ने गांव में लगे प्राइवेट ट्यूबवेल को
चलवाकर बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाई। घटना की जानकारी मिलने पर चौकी
प्रभारी, तहसीलदार व लेखपाल मौके पर पहुंचे।
फतेहगढ़ कोतवाली इलाके के
गांव हुसैनपुर नौखंडा के मजरा किशोरगंज निवासी रावेंद्र कुमार जाटव की
पत्नी अमरवती शुक्रवार की दोपहर करीब 12 बजे बच्चों के लिए चूल्हे पर खाना
बना रही थी। वह चूल्हा जलताछोड़कर झोपड़ी से बाहर चली गई। तबी चूल्हे से
निकली चिंगारी तेज हवा से छप्पर तक पहुंच गई। इससे रावेंद्र का छप्पर जलने
लगा। हवा से बढ़ी लपटों की चपेट में आकर पड़ोसियों की झोपड़ियां भी जलने
लगीं। आग लगने से गांव में भगदड़ मच गई। इसकी
जानकारी पर टीम के सदस्य
दमकल लेकर मौके पर पहुंचे। आग बुझाने के दौरान मशीन अचानक बंद हो गई। टीम
के सदस्यों ने लाख प्रयास किया, लेकिन मशीन चालू नहीं हुई। ग्रामीणों ने
गांव के मनीराम का ट्यूबवेल चलवाया और बाल्टियों से पानी भरकर आग बुझाई। जब
तक ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, तब तक दस झोपड़ियां जलकर राख हो गईं।
इसमें रखा घरेलू सामान, जेवर, कपड़े, नकदी व अन्य सामान राख हो गया। आग
बुझाने के प्रयास में रावेंद्र का
पुत्र अनिल कुमार झुलस गया। घटना की
जानकारी पर याकूतगंज चौकी प्रभारी वीरपाल, तहसीलदार संजीव ओझा व लेखपाल
सोनपाल मौके पर पहुंचे। पीड़ितों से घटना की जानकारी कर नुकसानी की रिपोर्ट
तैयार की। ग्रामीणों का कहना है कि आग से करीब पांच लाख रुपये का नुकसान
हुआ है।
इनकी झोपड़ियां र्हुइं राख
रावेंद्र कुमार जाटव, अनिल कुमार, भूरेलाल, राजू, मानसिंह, वीरेन्द्र, रामवीर सिंह, रामू, अवधेश व रामऔतार।
शीघ्र दिया जाएगा मुआवजा
तहसीलदार
संजीव ओझा ने बताया कि आग से नुकसान का आकलन कर लिया गया है। इसकी रिपोर्ट
लेखपाल से तैयार करा ली गई है। इस अग्निकांड में प्रति व्यक्ति लगभग 20 से
30 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। इनको शीघ्र मुआवजे का चेक उपलब्ध कराया
जाएगा।
शादी का सामान भी जला
रावेंद्र के पुत्र करन कुमार की
चार माह पूर्व शादी हुई थी। शादी में मिला सामान आग की भेंट चढ़ गया। करन
की मांग अमरवती ने बताया कि जेवर, नकदी और शादी में मिला सामान जलकर राख हो
गया है।