चूल्हे की चिंगारी से लगी आग में बंजारा बस्ती के एक दर्जन घर राख हो गए।
तेज हवा के झोंकों से बढ़ती आग पर काबू पाने के लिए पूरे गांव ने मशक्कत
की। सूचना के एक घंटे बाद दमकल पहुंची। तब तक लाखों रुपये की नगदी और
संपत्ति जलाकर आग बुझ चुकी थी।
कायमगंज नगर सीमा से सटे सुभानपुर गांव में
बुधवार सुबह 10 बजे बंजारा बस्ती में लोग खाना खाकर काम पर जाने की तैयारी
कर रहे थे। इस दौरान चूल्हे से उठी चिंगारी एक छप्पर पर जा गिरी। इसके
सुलगने से छप्पर जलने लगा। हवा के कारण बढ़ी आग ने आसपास की झोपड़ियों को
भी अपनी चपेट में ले लिया। ये देख ग्रामीण आग पर काबू पाने के लिए दौड़
पड़े। इन्होंने झोपड़ियों को बचाने के लिए छप्परों को उतार कर फेंकना शुरू
कर दिया। तब तक आग विकराल हो चुकी थी।
इससे एक दर्जन घर पूरी तरह जल गए।
ग्रामीणों ने पास ही स्थित मस्जिद, तंबाकू कारोबारी लियाकत खां के गोदाम और
कमाल खां की गोदाम में सबमर्सिबल पंप चलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास
किया। सूचना मिलने के बाद जब तक दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे, ग्रामीण आग पर
काबू पा चुके थे। उन्होंने पास के तालाब से पानी खींच कर आग पर पूरी तरह
से काबू पा लिया। जब आग शांत हुई तो सबकुछ जलकर राख हो चुका था।
ये हुआ नुकसान
आग
में उमर मोहम्मद का घरेलू सामान और 50 हजार रुपये नकद, मोहम्मद हुसैन के
लड़के की शादी में मिला दहेज, जेवर, शैरू का सामान, लक्खी को जमीन बेचकर
मिला 6 लाख रुपया जल गया। इसके अलावा इनकी पत्नी फालमा के 1.10 लाख रुपये
और जेवर तथा इनके बेटे इसरार अली व नसरुद्दीन की कापी किताबें और इंटर की
मार्कशीटें जल गईं। पप्पू के घर में जेवर, घरेलू सामान और 5 हजार रुपये,
दिलदार के घर में जेवर, घरेलू सामान, 80 हजार रुपये, मेंहदीहसन का
घरेलू
सामान, इकरार, नवीहसन, दूल्हे, शहरुद्दीन का घरेलू सामान जले गया। इस आग
में मुर्गी, कुत्ता और तीतरों ने भी जलकर दम तोड़ दिया। मेंहदीहसन के बेटे
की नई साइकिल जल गई। बंजारा बस्ती के लोग लगभग 40 साल से सुभानपुर में ही
झोपड़ियां बनाकर रह रहे हैं। घटना की सूचना पाकर एसडीएम बीडी वर्मा और
तहसीलदार विनोद जोशी मौके पर
पहुंचे। इन्हाेंने कानूनगो व लेखपाल को
रिपोर्ट बनाने के निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि पीड़ितों को अहेतुक
सहायता के तहत 6-6 हजार रुपये की राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इनकी
झोपड़ियां ग्राम समाज की जमीन पर होना पाया गया तो उन्हें पट्टे उपलब्ध
कराने का प्रयास भी किया जाएगा।
चार युवतियों की शादी की खुशियां भी राख
चूल्हे की चिंगारी से लगी आग में चार युवतियों के सपने जल गए। इनकी ईद बाद
शादी होनी है। परिजनों ने इनके लिए दहेज का सामान जुटाना शुरू कर दिया था।
सुभानपुर गांव में अग्निकांड में नवी खां की बेटी जैबुनिशां, अल्ली की
बेटी शहजाना, पप्पू की बेटी इकराना तथा मेंहदी हसन की बेटी नजराना के सपने
भी जल गए। इनकी शादी ईद बाद होनी है।
बेटी के दहेज के लिए खरीद कर लाए गए
जोड़ों, कंबल आदि सामान के जल जाने से मेंहदीहसन की पत्नी अख्तरी का
रो-रोकर बुरा हाल था। इन्हाेेंने बताया कि पति से पैसे छुपाकर बेटी के हाथ
पीले करने की तैयारी की थी। अल्ली और पप्पू द्वारा बेटियों के लिए बनवाया
जेवर जले गया। बेटियों की खुशियां आग में जल जाने से चारों परिवारों का हाल
बेहाल था।