नवाबगंज (फर्रुखबाद)। अपहृत पूर्व सरपंच को छुड़ाने आई जयपुर पुलिस से आरोपियों के परिजनों ने मारपीट कर पथराव कर दिया। इससे पुलिस कर्मियों की वर्दी फट गई। सूचना पर पहुंची दो थानों की पुलिस की मदद से पूर्व सरपंच को गिरफ्तार कर उसकी कार बरामद कर ली। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे थाने में पूछताछ की जा रही है। बदमाश पूर्व सरपंच के परिजनों से पांच लाख की फिरौती मांग रहे थे।
राजस्थान जयपुर के थाना कनौता के गांव सुमैल के सरपंच अजय सिंह राजावत और पूर्व सरपंच मदनलाल गुर्जर कार से मंगलवार की रात आठ बजे शादी की दावत में जा रहे थे। गांव नायला के पास किसी कार्य के लिए कार रोकी और सड़क पर उतरे। इसी दौरान पीछे से आए पांच-छह लोगों ने दोनों लोगों को उसी कार में बैठा लिया और कार समेत अपहरण कर लिया। दौसा के पास सरपंच अजय सिंह राजावत को कार धीमी कार से फेंक दिया। पूर्व सरपंच मदनलाल गुर्जर को ले गए। बुधवार भोर करीब पांच बजे मदनलाल गुर्जर के भाई फैलीराम से फोन पर पांच लाख की फिरौती मांगी गई।
इसके बाद सरपंच अजय ने कनौत थाने में एफआईआर दर्ज करा दी। फिरौती मांगने वाले मोबाइल नंबर सर्विलांस से लगाने के बाद मिली लोकेशन के आधार पर कनौता थाने की पुलिस शाम को नवाबगंज के गांव राजा का रामपुर मेई पहुंची। पुलिस के साथ पूर्व सरपंच के परिजन भी कार से आए थे। गांव में एक ग्रामीण के घर से पूर्व सरपंच की कार पुलिस ने बरामद कर ली। उसी घर के चार लोगों को पकड़ कर पुलिस कार में बैठाने लगी।
परिजनों ने गांव के लोगों के सहयोग से उन्हें छुड़ा लिया। इस दौरान पुलिस से हाथापाई कर मारपीट कर दी। पुलिस की कार रोकने के लिए ट्रैक्टर-ट्राली आगे लगाकर पथराव किया। पुलिस और पूर्व सरपंच के परिजन वहां से भाग कर सड़क पर आए और नवाबगंज थाना पुलिस को जानकारी दी।
नवाबगंज व मऊदरवाजा थाना पुलिस गांव पहुंची। पूर्व सरपंच को कार समेत बरामद कर थाने ले आई। इसे साथ चार लोगों को हिरासत में भी लिया। सीओ मोहम्मदाबाद राजवीर सिंह ने पूर्व सरपंच से घटना की जानकारी ली। पकड़े गए चारा लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। सीओ राजवीर सिंह ने बताया कि पूर्व सरपंच को बरामद कर लिया गया है। चार आरोपी पकड़े गए हैं। घटना की जांच की जा रही है।
इंसेट
सड़क पर फेंके सरपंच को पिता लेने आए
नवाबगंज। अपहृत हुए सरपंच अजय सिंह राजावत को बदमाशों ने दौसा के पास फेंका था। उसने पिता को फोन पर जानकारी दी। तब पिता रघुवीर कार से आए और पुत्र को घर लेकर गए। तब पूर्व सरपंच के अपहरण की उनके परिजनों को जानकारी हुई थी। (संवाद)
गांव राजा रामपुर मेई में ग्रामीणों से नोकझोंक करता पुलिस कर्मी। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD