फर्रुखाबाद। निराश्रित गोवंश पकड़ रही कैटल क्रैचर पर पूर्व सैनिक सहित 15 लोगों ने पथराव कर शीशे तोड़ दिए।
कर्मचारियों से हाथापाई कर पकड़े गए गोवंश छुड़वा लिए। नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के संबंध में 15 लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक विजय शुक्ला की अगुवाई में बुधवार को कर्मचारी कैटर क्रैचर से निराश्रित गौवंश पकड़ रहे थे। स्टेडियम के पास से गोवंश को पकड़ने के बाद आफीसर्स कालोनी के पास गोवंश को गाड़ी में लाद रहे थे। उसी दौरान मोहल्ला ग्वालटोली के पूर्व सैनिक दो नामजद व 12 अज्ञात साथियों के साथ मौके पर पहुंचे।
वाहन पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए। विजय शुक्ला से हाथापाई कर गाड़ी में लदे गोवंशों को छुड़वाकर ले गए। विजय शुक्ला ने घटना की जानकारी अधिशाषी अधिकारी रवींद्र कुमार को दी। रवींद्र कुमार मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों से पूरे मामले की जानकारी के बाद पूर्व सैनिक, दो नामजद व 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, कर्मचारियों से हाथापाई कर कर गोवंश को छुड़वाने की तहरीर दी।
कार्यवाहक कोतवाल अनिल कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।