थाना मेरापुर क्षेत्र के गांव संकिसा में 8 मार्च को गोली मारकर ग्रामीण की हत्या के मामले में पुलिस अभी तक दो आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इसके विरोध में पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र देकर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
थाना मेरापुर क्षेत्र के गांव संकिसा निवासी तिलक सिंह, मदन सिंह और अशोक समेत कई ग्रामीण गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसपी को ज्ञापन देकर कहा कि 8 मार्च को अनुज दीक्षित उर्फ करु ने अतिराज सिंह कश्यप की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
इस मामले में अनुज दीक्षित, अरुण उर्फ बंटी तथा कुलदीप दीक्षित के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने अनुज उर्फ करु को तो गिरफ्तार कर लिया लेकिन शेष दो आरोपी अभी तक गिरफ्तार नहीं किए गए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की लापरवाही के चलते हत्यारोपी मुकदमे में समझौता करने का दबाव डाल रहे हैं। इसके साथ ही जानमाल की धमकी भी दे रहे हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से फरियाद लगाई कि भागे हत्यारोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाए।