फर्रुखाबाद। अर्रापहाड़पुर सब्जी मंडी गेट के सामने स्थित एक बीज भंडार और देसी शराब की दुकान का शटर जैक से उठाकर चोरों ने एलसीडी, नगदी और शराब की पेटी पार कर दी। चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
सब्जी मंडी गेट के सामने रहने वाले सुरेश चंद्र शाक्य का बीज भंडार है। शनिवार रात करीब दो बजे वह लघुशंका के लिए उठे। तो उन्होंने छत से टार्च जला कर दुकान की तरफ देखा, तो कुछ लोग भागने लगे।
इस पर उन्होंने शोर मचाया। इसके बाद पुत्र गोविंद, कौशलेंद्र को साथ लेकर दुकान पहुंचे, तो दुकान का शटर उठा हुआ था। उसमें रखी एलसीडी गायब थी। चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
सूचना पर रात में ही बीबीगंज चौकी प्रभारी मीनेश पचौरी, दरोगा सद्दाम खां मौके पर पहुंचे और पड़ताल की, तो शटर के नीचे जेक लगाए जाने के निशान मिले। थानाध्यक्ष जेपी शर्मा ने बताया कि शटर जैक लगाकर उठाए गए हैं। चोर सामान कुछ नहीं ले जा पाए। सीसीटीवी फुटेज से पहचान करके जल्द चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
इधर सुरेश चंद्र की आवाजें सुना कर जागे पड़ोस के देसी शराब ठेके के सेल्समैन वीरेंद्र गुप्ता, निवासी रंगपुर, थाना किशनी मैनपुरी ने देखा, तो ठेके का भी शटर उठा हुआ था।
वीरेंद्र गुप्ता ने बताया कि दुकान से चोर छह हजार रुपये नगद और दो पेटी शराब ले गए। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है।
बीज भंडार में दो माह पहले भी हुई थी चोरी
फर्रुखाबाद। सुरेश चंद्र शाक्य ने बताया कि दो माह पहले भी चोरों ने बीज भंडार के पिछवाड़े से नकब लगाकर चोरी की थी। उसी वक्त उन्होंने दुकान पर सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए थे।
शराब की दुकान में चोरी के बाद टूटे शटर को देखता पुलिस कर्मी व अन्य । संवाद- फोटो : FARRUKHABAD