। दो समुदाय के बीच हुए बवाल के बाद पुलिस लगातार हमलावरों की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस ने हिंदू महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं कोतवाली गेट पर फायर करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने आनन-फानन में उसे वहां से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक समुदाय की छात्रा के साथ छेड़छाड़ को लेकर आरोपी युवक छोटू पांडेय के घर छात्रा के समर्थकों ने धावा बोलकर परिवार के तीन सदस्यों को पीट दिया था। इसके विरोध में छोटू पांडेय के पक्ष के लोग कोतवाली पहुंचकर हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। उसी समय मोहल्ला घोड़ा नखास निवासी आमिर खां ने कोतवाली गेट पर फायर कर दिया। इसके बाद दोनों समुदाय के बीच तनाव फैल गया और देखते ही देखते दोनों पक्ष के लोग पथराव व फायरिंग करने लगे। दो समुदाय के बीच टकराव होने पर भारी फोर्स मौके पर आ गया और फोर्स ने शहर में गश्त किया। पुलिस ने दोनों
पक्षों के लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने छापेमारी कर मोहल्ला बूरावाली गली निवासी हिंदू महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश मिश्रा, मोहल्ला नाला मछरट्ठा निवासी अंकित तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। इन लोगों को पुलिस ने कमालगंज थाने भेज दिया। मंगलवार को कोतवाली गेट पर फायर करने वाले मुख्य आरोपी आमिर को उसके घर से पकड़ लिया गया। उसके पास से 315 बोर तमंचा और दो कारतूस बरामद किए गए है।
पुलिस ने आमिर को पुलिस लाइन भेज दिया है। पुलिस नंदी सेना के प्रमुख विक्रांत अवस्थी और अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। उधर, भाजयुमो के प्रदेश मंत्री प्रांशुदत्त द्विवेदी की बैठक होने की जानकारी पर पुलिस प्रशासन ने सादा वर्दी में एक सिपाही को बैठक की वीडियोग्राफी के लिए लगा दिया। सिपाही पूरे बैठक की वीडियोग्राफी करने के बाद चला गया। पुलिस के अफसरों ने एलआईयू को भी लगाया था।